Saturday, February 28

हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, आरोपी फरार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 28 फरवरी (प्र)। खरखौदा थाना क्षेत्र के कैली गांव में शुक्रवार शाम स्कूल बस में छात्र पर हमला करने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर अभिषेक त्यागी उर्फ कलवा को गिरफ्तार करने गई स्वाट टीम से धक्का-मुक्की की गई। आरोपी पक्ष की महिलाओं और परिजनों ने टीम को घेरकर जमकर हंगामा किया और हिस्ट्रीशीटर को छुड़ा लिया। पुलिस ने इस मामले में हिस्ट्रीशीटर की ताई और भांजी समेत 11 आरोपियों पर पुलिस कार्य में बाधा आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लोहियानगर थाना क्षेत्र के मेरठ-हापुड़ मार्ग पर गांव हाजीपुर के निकट बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहे गांव कैली स्थित बीआर इंटरनेशनल स्कूल के छात्र जतिन त्यागी के साथ हुई मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है। वायरल वीडियो में आरोपी बस के अंदर घुसकर छात्र को लात-घूंसों और तमंचे की बट से बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित छात्र आरोपियों से जान बचाने की गुहार लगाता नजर आ रहा है, जबकि बस में सवार अन्य छात्र भय के कारण सहमे हुए दिख रहे हैं। घटना दो दिन पूर्व की है, जब मेरठ से परीक्षा देकर लौट रही स्कूल बस को गांव हाजीपुर के पास दो बाइकों पर सवार छह युवकों ने जबरन रुकवा लिया था। आरोप है कि हमलावर बस में घुसे और छात्र जतिन त्यागी को निशाना बनाते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल छात्र के पिता योगेश त्यागी, निवासी पीर नगर सूदना थाना हापुड़ देहात जनपद हापुड़, ने लोहिया नगर थाने में गांव फफूंडा निवासी सिद्धार्थ बसैया व हरकीरत बसैया को नामजद करते हुए चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बावजूद इसके पुलिस अब तक नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इसी मामले में शुक्रवार दोपहर क्राइम ब्रांच की टीम शक के आधार पर एक हिस्ट्रीशीटर युवक को पकड़ने गांव कैली थाना खरखोदा पहुंची। आरोप है कि युवक के परिजनों ने पुलिस का विरोध करते हुए धक्का-मुक्की की, जिसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया।

परिजनों ने पुलिस पर महिलाओं के साथ बदसलूकी और एक युवती को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने गांव कैली के एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। अभिभावकों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि टीम ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर को गांव में एक चबूतरे पर बैठा देखा लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। स्वाट टीम ने आरोपी का पीछा किया। लगभग 500 मीटर दूर भागने पर स्वाट टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान थाना पुलिस पीछे रह गई थी। जैसे ही स्वाट टीम हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में लेकर लौट रही थी। तभी हिस्ट्रीशीटर के परिवार की महिलाओं और अन्य परिजनों ने टीम को घेर लिया।

उन्होंने स्वाट टीम से धक्का-मुक्की कर हिस्ट्रीशीटर को छुड़ा लिया। स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश गौड़ से भी धक्का-मुक्की की गई। पुलिस ने मामले में हिस्ट्रीशीटर अभिषेक त्यागी उर्फ कलवा, उसकी ताई, भांजी व सोनू त्यागी, टोनू, हर्षित, गौरव, सुनील, सुर्रा, मिंटू, कलुआ पर प्राथमिकी दर्ज की है।

Share.

About Author

Leave A Reply