Thursday, March 5

नमो भारत से उतरकर बुलेट ट्रेन का सफर कर सकेंगे यात्री, सराय काले खां में बनेगा टर्मिनल

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 05 मार्च (प्र)। दिल्ली-वाराणसी के बीच प्रस्तावित हाईस्पीड बुलेट ट्रेन का दिल्ली में सराय काले खां में ही टर्मिनल प्रस्तावित है। दिल्ली वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर बनने पर मेरठ के लोग नमो भारत से उतरकर बुलेट ट्रेन का सफर कर सकेंगे। इस कॉरिडोर की डीपीआर बनाकर रेलवे बोर्ड को भेजी जा चुकी है। बोर्ड से ग्रीन सिग्नल मिलते ही इस योजना पर कार्य शुरू हो जाएगा। इस ट्रेन की स्पीड लगभग 300 किमी प्रति घंटा होगी। प्लान के अनुसार उक्त ट्रेन करीब एक दर्जन स्टेशनों पर रुकेगी। दिल्ली के सराय काले खां स्थित मल्टीमॉडल ट्रॉजिट हब राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी पहचान बनने जा रहा है।

सराय काले खां में ही दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का दिल्ली टर्मिनल प्रस्तावित किया गया है। इसके मद्देनजर सराय काले खां के प्रभाव क्षेत्र योजना में संशोधन की तैयारी शुरू कर दी गई है ताकि प्रस्तावित हाई स्पीड रेलवे स्टेशन का समुचित एकीकरण सुनिश्चित किया जा सके। दरअसल मेरठ से दिल्ली के बीच संचालित देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम ट्रेन नमो भारत का दिल्ली में अंतिम पड़ाव सराय काले खां है। इस कॉरिडोर का यह सबसे बड़ा स्टेशन है 82 किमी इस कॉरिडोर में मोदीपुरम स्टेशन नमो भारत को सराय काले खां यात्रियों को पहुंचाने के लिए मात्र 57 मिनट लगते हैं। 160 किमी प्रति घंटा तक दौड़ने वाली ट्रेन ने दिल्ली को मेरठ के करीब ला दिया है। इस ट्रेन में रोजाना करीब 70-80 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। खास बात है कि सराय काले खां क्षेत्र आने वाले समय में देश के तीन बड़े एक्सप्रेसवे का संगम बिंदू बनने जा रहा है।

सरायकाले खां के आसपास दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे और दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे पहले से जुड़े हैं। इसके अलावा दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे का डीएनडी सोहना लिंक भी जल्द शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। सराय काले खां पहले ही रिंग रोड पर स्थित एक अहम जंक्शन है। दिल्ली-गाजियाबाद मेरठ नमो भारत कॉरिडोर (आरआरटीएस) के चालू होने के बाद यह क्षेत्र मल्टी मोडल ट्रांजिट हब बन चुका है। यहां पर सड़क, एक्सप्रेसवे, बस टर्मिनल और तेज रफ्तार रेल नेटवर्क एक साथ हैं। दिल्ली वाराणसी कॉरिडोर बनने में हालांकि अभी कई वर्ष लगेंगे, लेकिन इस कॉरिडोर पर बुलेट ट्रेन शुरू होने से मेरठ के लोगों को मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, कन्नौज, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी पहुंचने में समय की जबर्दस्त बचत होगी।

Share.

About Author

Leave A Reply