मेरठ 12 मार्च (प्र)। मेरठ-हापुड़ रोड पर गांव नालपुर स्थित एनसीआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज पर आठ माह के भीतर दूसरी बार छापा मारा है। सीबीआई की टीम दोपहर में एनसीआर मेडिकल कालेज पहुंची सीबीआई की कार्रवाई देर रात तक जारी रही।
बुधवार की दोपहर करीब एक बजे सीबीआई की जांच टीम ने दो गाड़ियों से एनसीआर मेडिकल कालेज के गेट नंबर दो से अंदर प्रवेश किया। जब तक सीबीआई की टीम प्रशासनिक ब्लॉक में आती कालेज के महानिदेशक डॉ. अश्वनी शर्मा अपना ऑफिस छोड़कर निकल चुके थे।
सूत्रों ने बताया कि सीबीआई टीम ने प्रशासनिक ब्लॉक स्थित कार्यालय से कुछ महत्वपूर्ण फाइलें कम्प्यूटर की हॉर्ड डिस्क व डिजिटल डाटा कब्जे में लिया है। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक कर्मचारियों से पूछताछ प्रारंभ की, जो देर रात तक जारी रही। रात 12 बजे समाचार लिखे जाने तक सीबीआई की जांच पड़ताल जारी थी। सीबीआई की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने एनसीआर मेडिकल कालेज में न तो किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने दिया, न ही अंदर से किसी कर्मचारी को बाहर जाने दिया। मेडिकल कालेज अधिकारी, स्टाफ और कर्मचारी कोई भी सीबीआई कार्रवाई को लेकर मुंह खोलने के लिए तैयार नहीं हुआ।
बता दें, मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में भाजपा नेत्री और पूर्व एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल और उनकी बेटी डॉ. शिवानी अग्रवाल का एनसीआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के नाम से मेडिकल कॉलेज है। एनसीआर मेडिकल कालेज की असिस्टेंट मैनेजिंग डायरेक्टर पूर्व एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल की बेटी डॉ. शिवानी अग्रवाल हैं। इस संबंध में जब डॉ. सरोजिनी अग्रवाल से बात कर उनका पक्ष जाना गया तो उनका कहना था कि वे बाहर गए हुए थे, अभी कुछ समय पहले आए हैं। इसलिए उनको सीबीआई की किसी कार्रवाई के बारे में कोई पता नहीं है।
सीबीआई ने डॉ. शिवानी अग्रवाल करा रखी एफआईआर
एनसीआर मेडिकल कालेज प्रशासन ने एमबीबीएस की 50 सीटें बढ़ाए जाने के लिए एनएमसी में पत्रावली प्रस्तुत की थी। इस पर नेशनल मेडिकल काउंसिल की टीम ने एनसीआर में औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान एनएमसी की टीम ने अपनी जांच फैक फेकल्टी व फैक पेसेंट पाए थे। साथ ही, 50 सीटें बढ़ाए जाने को लेकर रिश्वतकी पेशकश करने के आरोप भी मेडिकल प्रशासन पर लगे थे। इसके बाद सीबीआई ने 30जून 2025 को देशभर के मेडिकल कालेजों से संबद्ध 35 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई थी। इनमें एनसीआर मेडिकल कालेज की असिस्टेंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. शिवानी अग्रवाल भी शामिल थीं।
दो जुलाई को सीबीआई ने मारा था छापा
एनएमसी की कार्रवाई के बाद एनसीआर मेडिकल कालेज पर सीबीआई गाजियाबाद की छह सदस्यीय टीम ने पिछले साल दो जुलाई को छापा मारा था। छापे की कार्रवाई दोपहर दो बजे से देर रात तक चली थी। इसी दौरान सीबीआई की एक टीम ने जवाहर क्वाटर्स स्थित पूर्व एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के दयानंद नर्सिंग होम स्थित आवास पर भी छापेमारी की थी। सीबीआई छापे के दौरान एनसीआर मेडिकल कालेज तथा आवास महत्वपूर्ण फाइलें तथा डिजिटल डाटा साथ ले गई थी।
