मेरठ 13 मार्च (दैनिक केसर खुशबू टाइम्स)। आज जनपद मेरठ में पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित पर्यटन विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर माननीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह जी का मेरठ कैंट विधायक श्री अमित अग्रवाल जी द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मेरठ के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को निरंतर गति मिल रही है। इसी क्रम में आज जनपद मेरठ में विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत 1176.61 लाख की लागत से पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण तथा ?1845.63 लाख की लागत से विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस प्रकार कुल लगभग ?3022.24 लाख की लागत से मेरठ के ऐतिहासिक स्थलों, मंदिरों एवं पर्यटन स्थलों के विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा मेरठ के गौरवशाली इतिहास को नई पहचान प्राप्त होगी।
इस अवसर पर मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने क्षेत्र के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास हेतु माननीय पर्यटन मंत्री जी को तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी प्रेषित किए। इनमें सदर बाजार, मेरठ कैंट स्थित माँ काली माई मंदिर के जीर्णोद्धार एवं कॉरिडोर निर्माण, मेरठ शहर विधानसभा क्षेत्र के छत्ता अनंतराम स्थित प्राचीन श्री विश्वनाथ महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार एवं कॉरिडोर निर्माण, तथा सदर छावनी स्थित प्राचीन बिल्वेश्वर नाथ मंदिर के संरक्षण, अनुसंधान एवं पुनरुद्धार के प्रस्ताव शामिल हैं। इन पहलों से मेरठ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
