मेरठ 14 मार्च (प्र)। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दस सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच ट्रांसफार्मर की कायल और अन्य सामान बरामद किया है। पकड़े गए आरोपित 150 से ज्यादा ट्रांसफार्मर चोरी कर लिसाड़ी गेट के कबाड़ियों को बेच चुके हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि चोरी की रकम से ही परिवार का पूरा खर्च चलाते हैं। दिनभर खेतों में घूमकर रेकी करने के बाद रात में ट्रांसफार्मर की कायल और तेल निकाल लेते थे। पांच दिनों तक अज्ञात स्थान पर रखने के बाद इसे कबाड़ी को बेच देते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड से भी ट्रांसफार्मर चोरी कर चुके हैं।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि सरधना पुलिस ने छुर-कालंद रजवाहे से अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दस सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से ट्रांसफार्मर के पांच कायल, 11 चाबी, चार पाने, हथौड़ी तार कटर, पाना रस्सी बंधी हुई, आरी ब्लेड और अन्य उपकरण बरामद किए।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि रात के समय खेतों में लगे ट्रांसफार्मर को गिराकर उसके अंदर से तांबे का सामान, तेल और बिजली के तार चोरी करते थे। उक्त सामान को लिसाड़ी गेट के कबाड़ियों को बेच देते थे। आरोपितों ने बताया कि जनवरी माह में ग्राम कालन्दी, छबड़िया, कालंद रजवाह पटरी तथा फरवरी माह में मुल्हैडा रोड, छुर, ईकडी, गोटका, अक्केपुर समेत कई गांव के खेतों में लगे ट्रांसफार्मर का सामान चोरी किया।
दो मार्च की रात में चोरी किया गया माल गन्ने के खेत में छिपा दिया था। उक्त सामान को बेचने जाते समय मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्त में आए आरोपित
जान मोहम्मद निवासी समरगार्डन, इरशाद निवासी उज्जवल गार्डन, शहजाद निवासी न्यू शानदार गार्डन, फुरकान निवासी ग्राम अलीपुर, नौशाद निवासी श्यामनगर, निसार निवासी 25 फुटा रोड उज्जवल गार्डन, वाहिद व इमरान निवासी जाकिर कालोनी, यामीन निवासी उज्जवल गार्डन और अकरम निवासी इस्लामनगर फतेहउल्लाहपुर ।
