Wednesday, March 25

नया पीएनजी कनेक्शन निशुल्क, कैंटीन को सात, घरों को 10 दिन में आपूर्ति

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 25 मार्च (प्र)। गैस संकट के बीच गेल गैस लिमिटेड ने घरेलू उपभोक्ताओं, हास्टल, मैस व कैंटीन के लिए कई नई घोषणाएं की हैं। कैंटीन, मैस, अस्पताल व अन्य आवश्यक सुविधा से जुड़े प्रतिष्ठानों के लिए नए कनेक्शन के आवेदन पर अब सात दिन के अंदर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। वहीं घरों के लिए 10 से 15 दिन तक आपूर्ति शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। अब तक कनेक्शन देने की समय सीमा 30 दिन रखी गई थी। घरेलू कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों को 500 रुपये भी वापस मिल जाएंगे, इस तरह से कनेक्शन निशुल्क हो जाएगा।

गेल गैस लिमिटेड ने नई घोषणा की है कि 16 मार्च से 30 जून के बीच पीएनजी गैस का उपयोग शुरू करने वाले उपभोक्ताओं को उनके पहले बिल में 500 रुपये की सीधी छूट दी जाएगी। दरअसल, आवेदन करने पर 500 रुपये ही शुल्क लिया जाता है, इस तरह से कनेक्शन शुल्क वापस मिल जाएगा। वैसे एक स्कीम पहले से ही चल रही है, जो 31 मार्च के बाद समाप्त हो जाएगी। नए उपभोक्ता चाहें तो पहले से चल रही स्कीम का लाभ ले सकते हैं। इसके तहत नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन लेने पर उपभोक्ताओं को कुल 900 रुपये तक की छूट दी जा रही है। यह छूट अधिकतम 300 रुपये प्रति बिल के हिसाब से पहले तीन बिलों में समायोजित की जाएगी। उपभोक्ताओं को दोनों में से एक का ही लाभ मिलेगा।

गेल गैस लिमिटेड मेरठ के महाप्रबंधक विनय कुमार ने बताया कि मंत्रालय और नियामक बोर्ड के निर्देशों के तहत अस्पतालों, स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों की कैंटीन एवं मैस के लिए तेजी से पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे संस्थानों को जल्द आवेदन करना चाहिए।

ऐसे करें आवेदन : पीएनजी कनेक्शन देने के लिए पूरे शहर में पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। शहर के अंदर गेल गैस लिमिटेड की आपूर्ति मिलती है, आप www.gailgas.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यदि कोई समस्या आती है तो कंपनी के कार्यालय जाकर आफलाइन आवेदन भी जमा कर सकते हैं। आवेदन के दौरान अपना नाम, पता और संपर्क से जुड़ी जानकारी भरनी होती है। इसमें आधार कार्ड, एड्रेस प्रूफ भी देना पड़ेगा। दस्तावेज जमा करने के बाद कंपनी की तकनीकी टीम आपके घर का निरीक्षण करेगी। इसमें यह देखा जाता है कि बिछाई गई पाइपलाइन से घर कितना दूर है। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाई जाती है, मीटर लगाया जाता है और आपके गैस चूल्हे को पीएनजी के अनुसार बदला जाता है।

इसलिए उपयोगी है पीएनजी
पीएनजी के कई फायदे हैं। इसमें 24 घंटे गैस सप्लाई मिलती है, यह एलपीजी से ज्यादा सुरक्षित मानी जाती है क्योंकि गैस हवा से हल्की होती है और तेजी से फैल जाती है। साथ ही इसमें जितना उपयोग, उतना भुगतान का सिस्टम होता है, जिससे खर्च पर नियंत्रण रहता है।

Share.

About Author

Leave A Reply