मेरठ 27 मार्च (प्र)। गढ़ रोड के आसपास बसी कालोनियों में रहने वाले और मेडिकल कालेज सहित अन्य संस्थानों व प्रतिष्ठानों में काम करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उनका नमो भारत मेट्रो स्टेशन बेगमपुल तक आना जाना आसान होगा।
आज से मेडिकल कालेज बेगमपुल चौराहा के बीच 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के अधिकारियों ने इसकी तैयारी कर ली है। उनका दावा है कि इस रूट पर लोगों को पांच से 10 मिनट के अंतराल में ई-बसें निर्धारित स्टापेज पर मिलेंगी। मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट डिपो प्रभारी सचिन सक्सेना ने बताया कि मेडिकल कालेज के पास राधा गोविंद इंजीनियरिंग कालेज के समीप स्टापेज से सुबह 6.20 बजे पहली बस चलेगी।
वहीं, बेगमपुल से सुबह 6.50 बजे पहली बस चलेगी। रात में आखिरी बस मेडिकल कालेज की तरफ से रात 9.40 बजे और बेगमपुल की ओर से 9.05 बजे चलेगी। नए रूट पर बस स्टापेज गोकुलपुर, राधा गोविंद, सराय मोड़, मेडिकल कालेज, तेजगढ़ी चौराहा, नई सड़क मोड़, सोहराब गेट बस अड्डा गांधी आश्रम चौराहा, हापुड़ अड्डा, इंदिरा चौक, ईव्ज चौराहा, बच्चा पार्क चौराहा, जीआइसी और बेगमपुल चौराहा दिया गया है।
गोकुलपुर की सवारी मिलने पर ही ई -बस यहां तक भेजी जाएगी। डिपो प्रभारी ने बताया कि अभी तक मेडिकल कालेज से बेगमपुल चौराहे तक सीधे रूट पर कोई ई-बस सेवा नहीं थी, अन्य रूटों की बसें आती-जाती थीं। अब इस रूट पर 10 ई बसें नियमित संचालित होगी। इससे यात्रियों को हर पांच से 10 मिनट के अंतराल पर बसें मिलेंगी। इस रूट पर सबसे अधिक यात्रियों के मिलने की संभावना है। बेगमपुल नमो भारत मेट्रो स्टेशन है। जिससे गढ़ रोड के आसपास की कालोनियों में रहने वाले लोग यदि नमो भारत ट्रेन पकड़ना चाहेंगे तो वह बस पकड़कर मेडिकल कालेज से बेगमपुल आधे घंटे में पहुंच सकते हैं। उन्हें वाहन पार्किंग की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा में अपना काम निपटाकर लौटने के बाद बेगमपुल से फिर बस पकड़ सकेंगे।
अधिकतम किराया 20 रुपये
मेडिकल कालेज से बेगमपुल रूट पर अधिकतम किराया 20 रुपये और न्यूनतम किराया 10 रुपये है। बेगमपुल से हापुड़ अड्डा तक 10 रुपये है। इसके बाद मेडिकल कालेज तक कहीं भी उतरेंगे तो 20 रुपये देना होगा। इसी प्रकार मेडिकल कालेज से हापुड़ अड्डे तक 10 रुपये लगेगा। इसके आगे बेगमपुल तक 20 रुपये लगेगा।
