मेरठ 27 मार्च (प्र)। पश्चिमी उप्र का शातिर उधम सिंह लगभग पौने पांच साल बाद जमानत पर उन्नाव जेल से बाहर गया है। शातिर उधम सिंह फिलहाल करनावल स्थित आवास पर नहीं पहुंचा है इसलिए अटकलें लगाई जा रही है, उसका नया ठिकाना उत्तराखंड़ या पंजाब राज्य हो सकता है।
सरूरपुर खुर्द थाना क्षेत्र के कस्बा करनावल निवासी शातिर उधम सिंह उन्नाव जेल से चार साल, आठ माह और पांच दिन के बाद जमानत पर रिहा हुआ है। इसलिए पश्चिमी उप्र में गैंगवार की आहट के चलते पुलिस अलर्ट हो गई है। कंकरखेड़ा थाने के गैंगस्टर के मामले में शातिर उधम सिंह को एक पखवाड़ा पहले जमानत मिल गई थी। इसके बाद वेरीफिकेशन में समय लग गया।
वेरिफिकेशन के बाद परवाना उन्नाव जेल पहुंचा, जहां बुधवार की देर शाम सात बजे उधमसिंह जेल से जमानत पर बाहर आ गया। मेरठ से जो लोग उन्नाव गए थे, वे गुरुवार की सुबह यहां पहुंच गए थे। लेकिन उधम सिंह फिलहाल मेरठ नहीं आया है। इसलिए शातिर उधम सिंह के फिलहाल यूपी से बाहर उत्तराखंड या पंजाब में रहने के कयास लगाए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, उधम सिंह ने 20 जुलाई 2021 में करनावल स्थित इंडियन बैंक के मैनेजर गौरव राजपूत और स्टाफ को धमकाया और रंगदारी मांगी थी। जिस पर गौरव राजपूत ने उधम सिंह को नामजद करते हुए 30 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने 22 जुलाई को उधम सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसको न्यायिक अभिरक्षा में जेल दिया गया था। इसके बाद प्रदेश सरकार की संस्तुति पर उधम सिंह को उन्नाव जेल में निरुद्ध कर दिया गया था। गुरुवार को उन्नाव जेल से उधम सिंह को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
रिहाई के बाद मेरठ की पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। इसका कारण उधम सिंह और योगेश भदौड़ा के बीच गैंगवार को माना जा रहा है। योगेश भदौड़ा फिलहाल जेल से बाहर है। इसलिए दोनों के बीच गैंगवार की आहट सुनाई देने लगी है। इसलिए कस्बा करनावल व गांव भदौड़ा समेत आसपास के आधा दर्जन गांवों में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही, खुफिया तंत्र सर्किय किया गया है। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि उधम सिंह के जेल से रिहा होने के कारण कोई अतिरिक्त चौकसी नहीं बरती जा रही है बल्कि सामान्य दिनों की तरह पुलिस चेकिंग कर रही है।
उधम सिंह का गैंग नंबर-50 सरूरपुर खुर्द थाने पर कस्बा करनावल निवासी उधम सिंह का गैंग रजिस्टर्ड है। पुलिस ने गैंग 50 के तहत उधमसिंह के गैंग को रजिस्टर्ड कर रखा है। उधम सिंह पर 46 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, उसके गिरोह में लगभग दो दर्जन सक्रिय अपराध हैं। इनके खिलाफ पुलिस गैंगस्टर में निरुद्ध कर जेल भेज चुकी है। हालांकि फिलहाल कई जमानत पर जेल से बाहर बताए गए हैं।
नया ठिकाना उत्तराखंड – पंजाब
शातिर उधम सिंह और योगेश भदौड़ा के बीच अलगाव जगजाहिर है ऐसे में उधम सिंह के खिलाफ झूठी शिकायत से पुलिस को मौका हाथ लग सकता है। इसलिए उधमसिंह के फिलहाल मेरठ नहीं आने की प्रबल संभावनाएं हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि उधम सिंह उत्तराखंड या पंजाब में पनाह ले सकता है। हालांकि जिस तरह से योगेश भदौड़ा ने उत्तराखंड में पनाह ले रखी है, उसके चलते तो उधमसिंह के पंजाब में पहुंचने की अधिक संभावनाएं हैं।
बेटी की शादी की तैयारी
शातिर उधम सिंह जमानत पर जेल से रिहा हो गया। सूत्रों की माने तो उधम सिंह की पहली प्राथमिता बेटी के हाथ पीले करना है। बेटी के रिश्ते के लिए उधम सिंह ने लड़का पहले से ही देख रख है। परिजनों को उधम सिंह के जमानत पर जेल से बाहर आने का इंतजार था। संभावना है कि बहुत जल्द उधम सिंह के द्वारा बेटी की शादी की तारीख तय कर दी जाएगी।
