मेरठ 31 मार्च (प्र)। अगर आप 31 मार्च की आधी रात के बाद अपनी गाड़ी लेकर हाईवे या एक्सप्रेसवे पर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो अपनी जेब थोड़ी और ढीली करने के लिए तैयार हो जाइए। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल दरों में बढ़ोतरी का फैसला किया है, जो रात 12.00 बजे से लागू हो जाएगा। मेरठ से जुड़ने वाले लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर सफर करना अब महंगा हो गया है। खास तौर पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे समेत चार प्रमुख मार्गों पर टोल की दरें बढ़ा दी गई हैं। न्यूनतम वृद्धि पांच रुपये और अधिकतम 45 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। टोल की दरों में वृद्धि वाहनों की श्रेणी (कार, बस, ट्रक) के आधार पर तय की गई है। टोल की नई दरें उन यात्रियों पर सबसे अधिक असर डालेंगी जो रोजाना काम के सिलसिले में इन मार्गों का उपयोग करते हैं। वार्षिक पास की दरों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल पर अब कार वालों को एक तरफ के सफर के लिए 225 रुपये देने होंगे जो कि पहले के मुकाबले 5 रुपये ज्यादा है. अगर आप 24 घंटे में वापस आते हैं तो आपको 340 रुपये का शुल्क चुकाना पड़ेगा. वहीं दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित खेड़की दौला टोल प्लाजा पर भी कार और जीप का रेट 95 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है. बस और ट्रक जैसे बड़े वाहनों के लिए भी 5 से 15 रुपये तक का इजाफा किया गया है जिससे ट्रांसपोर्ट की लागत बढ़ने की आशंका है.
टोल की दरों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए बनने वाले मासिक पास के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं. गदपुरी टोल प्लाजा के पास 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को अब मासिक पास के लिए 350 रुपये की जगह 360 रुपये देने होंगे. यह 10 रुपये की बढ़ोतरी उन लोगों के लिए है जो रोजाना टोल पार करके अपने दफ्तर या व्यापार के लिए जाते हैं. एनएचएआई के मुताबिक टोल दरों में यह बदलाव सालाना समीक्षा के आधार पर किया गया है ताकि सड़कों के रखरखाव और सुविधा को बेहतर बनाया जा सके.
●दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई): दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को अब ज्यादा भुगतान करना होगा।
●मेरठ-बुलंदशहर हाईवेः इस रूट पर चलने वाले कमर्शियल और निजी वाहनों पर बोझ बढ़ेगा।
●मेरठ-नजीबाबाद मार्गः बिजनौर और उत्तराखंड की ओर जाने वालों की जेब कटेगी।
●मेरठ-करनाल हाईवेः हरियाणा की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बढ़ी हुई दरें देनी होंगी।
