Thursday, April 16

सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 6 लेन सड़क जून से शुरू

Pinterest LinkedIn Tumblr +

हरिद्वार 15 अप्रैल। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक-कॉरिडोर के निर्माण से देहरादून और दिल्ली की दूरी तो कम होगी। साथ ही, धर्मनगरी हरिद्वार, उत्तराखंड का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल और रुड़की-भगवानपुर से सहानपुर व दिल्ली पहुंचना भी पहले के मुकाबले कहीं अधिक आसान हो जाएगा। हालांकि, 51 किलोमीटर लंबे सहारनपुर-हरिद्वार बाइपास के निर्माण पूरा होने में जून 2026 तक का समय लगेगा।

इससे हरिद्वार वासियों को हरिद्वार-मेरठ हाईवे के जाम से मुक्ति और दिल्ली पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। मंगलवार को देहरादून में दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर के उद्घाटन अवसर पर सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सहारनपुर-हरिद्वार बाइपास मार्ग का इसी वर्ष जून में उद्घाटन कर देंगे। इससे हरिद्वार के साथ ऋषिकेश को बड़ा फायदा मिलेगा।

दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर से हरिद्वार धर्मनगरी हरिद्वार को जोड़ने के परियोजना के तहत सहारनपुर से हरिद्वार तक 51 किलोमीटर बाइपास मार्ग की योजना तैयार की गई। यह योजना दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर का एक्सटेंशन है। जिसे एनएच-344बी नाम दिया गया है। यह बाइपास मार्ग हरिद्वार मुजफ्फरनगर मार्ग से रुड़की के पास से होते हुए सहारनपुर में कोरिडोर से जुड़ेगा। 6 लेन चौड़े एक्सटेंशन का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।

इस एक्सटेंशन की कुल लंबाई लगभग 51 किलोमीटर है। इसके तैयार होने के बाद हरिद्वार से सहारनपुर के बीच की दूरी 51 किलोमीटर रह जाएगी। इस बाइपास मार्ग से दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर होते हुए हरिद्वार से दिल्ली पहुंचने में करीब तीन घंटे का समय लगेगा।

वर्तमान में हरिद्वार मेरठ होते हुए दिल्ली पहुंचने में पांच से छह घंटे का समय लगता है। साथ ही, इस मार्ग पर जाम में भी यात्रियों को जूझना पड़ता है। हरिद्वार के लिहाज से यह मार्ग कांवड़, कुंभ, अर्धकुंभ के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। खासकर कांवड़ के समय सिड़कुल सहित भगवानपुर, रुड़की औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों के लिए भी लाइफ लाइन की तरह होगा।

ग्रीनफील्ड बाईपास अक्टूबर तक होगा तैयार
धर्मनगरी हरिद्वार आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी दी है कि 861 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा फोरलेन ग्रीनफील्ड बाइपास (फेज-वन) अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके तैयार होते ही दिल्ली से हरिद्वार और ऋषिकेश का सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम हो जाएगी।

15 किलोमीटर लंबा यह बाइपास बहादराबाद से श्यामपुर कांगड़ी तक तैयार हो रहा है। यह बाइपास हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे से जुड़ते हुए शहर के बाहरी हिस्से से यातायात को डायवर्ट करेगा। इससे हरिद्वार शहर के भीतर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर यात्रा सीजन और पर्वों के दौरान सुविधा मिलेगी।
योजना के दूसरे चरण को लेकर भी सरकार ने बड़ी तैयारी कर ली है। फेज-टू का कार्य इसी वर्ष शुरू होने की उम्मीद है।

Share.

About Author

Leave A Reply