मेरठ 16 अप्रैल (प्र)। नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो चलने के बाद से मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज नए-नए रूट पर सिटी बसें चलाने की कार्ययोजना पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार से नए रूट पर 10 सिटी बसें चलाने जा रहा है।
अब साकेत चौराहे, मेरठ कालेज से बस पकड़कर बेगमपुल नमो भारत-मेट्रो स्टेशन तक और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय-मेडिकल कालेज तक पहुंच सकेंगे। खास बात ये है कि साकेत चौराहे से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के बीच 10 रुपये किराया होगा। साकेत से बेगमपुल और मेडिकल तक 20 रुपये किराया देना होगा।
मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की ओर से जारी नए रूट में सिटी बस मेडिकल कालेज से चलेगी। तेजगढ़ी चौराहा, सीसीएसयू, लोकप्रिस अस्पताल, छोटूराम इंजीनियरिंग कालेज, जेलचुंगी चौराहा, आइटीआई कालेज, एसआइसी साकेज चौराहे, कैलाश प्रकाश स्टेडियम, कमिनश्नरी चौराहा, मेरठ कालेज,बीएसएनएल आफिस, लालकुर्ती होते हुए बेगमपुल पहुंचेगी
फिर जीआइसी, बच्चा पार्क, इव्ज चौराहा, इंदिरा चौक, हापुड़ अड्डा, सोहराब गेट, नई सड़क, तेजगढ़ी होते हुए मेडिकल कालेज तक पहुंचेगी। पिछले दिनो मेडिकल कालेज से हापुड़ अड्डा होते हुए बेगमपुल नमो भारत-मेट्रो स्टेशन तक 10 सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया था।
मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के डिपो प्रभारी सचिन ने बताया कि बसों का संचालन सुबह 6.20 बसे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। इस रूट पर सिटी बसे चलने से पाश इलाके सहित छात्र-छात्राओं के लिए यात्रा सुगम होगी।
कचहरी आने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। मोदीपुरम और परतापुर से मेट्रो पकडकर बेगमपुल में उतरकर सिटी बस पकड़कर कचहरी, कलक्ट्रेट, मेरठ कालेज, सीसीएसयू और मेडिकल तक पहुंचना आसान होगा।
