Saturday, April 18

पनीर फैक्ट्री से लिए 17 नमूने जांच को भेजे

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 18 अप्रैल (प्र)। नंगला कुम्भा जानी में पनीर निर्माता यूनिटों पर छापेमारी की कार्रवाई के बाद शुक्रवार को दूसरे दिन भी हड़कंप में स्थिति रही। खाद्य विभाग मुख्यालय से इंटर स्टेट टीम ने गुरुवार को छापेमारी की कार्रवाई के दौरान नंगला कुम्भा से दो सगे भाई जाबिर और हामिद की पनीर बनाने वाली यूनिट से पनीर, रिफाइंड, मैदा और मिश्रित दूध के 17 नमूने को लिए थे। इन सभी नमूनों को शुक्रवार को खाद्य विभाग ने जांच के लिए लैब भेज दिया है।

सहायक खाद्य अधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि नंगला कुम्भा गांव में पुरानी कार्रवाई का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
हामिद के यहां से दीपावली पर भी खाद्य टीम ने काफी माल जब्त कर सैंपल जांच को भेजे थे। लैब को भेजे गए इनके नमूनों की रिपोर्ट अभी तक नहीं आने पर लैब से जानकारी मांगी गई है। वहीं पूर्व में जाबिर के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है। इसके यहां पिछले वर्ष पनीर का सैंपल अधोमानक मिला था।

शुक्रवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य विभाग ने टीम बनाकर सॉस बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर सैंपलिंग की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि जांच के लिए सचल दल का गठन किया गया। एतीस कुमार, वीरेश पाल के साथ ग्राम दत्तावली गेसूपुर स्थित फैक्ट्री का निरीक्षण किया। मौके पर से चिली सॉस का एक नमूना लिया किया गया। टीम को जांच के दौरान खाद्य पदार्थ के निर्माण स्थल पर सफाई संतोषजनक नहीं मिली। इस पर कारोबारी को सुधार नोटिस जारी किया गया है।

डीओ दीपक सिंह ने बताया कि गुरुवार को कार्रवाई के दौरान लिए जाबिर की यूनिट से बरामद 12 सौ किलो पनीर, 53 सौ लीटर मिश्रित दूध नष्ट किया गया। 510 लीटर पॉम ऑयल, 28 केजी मैदा सीज की गई है। दूसरी ओर हामिद की यूनिट से 16 सौ किलो पनीर नष्ट किया गया है। 80 लीटर रिफाइंड और एक सफेद रंग का पॉउडर पैकेज सीज करने के अलावा एक तरल पदार्थ केमिकल जैसा सैंपल जांच को भेजा है।

सहायक खाद्य आयुक्त अजय कुमार जायसवाल का कहना है कि कार्रवाई के दौरान 17 सैंपल को जांच के लिए लैब भेज दिया है। रिपोर्ट में देरी होने पर आलाधिकारियों बात की गई है। लैब से सैंपल की जल्द-जल्द रिपोर्ट मिले तो कार्रवाई में देरी ही न हो। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share.

About Author

Leave A Reply