मुंबई 08 नवंबर। महाराष्ट्र में एक और रेलवे दुर्घटना सामने आई है। यह हादसा गत दिवस सुबह का है। इस हादसे में पुल से गुजर रही एक कार नीचे से चलती मालगाड़ी पर गिर गई। यह हादसा कर्जत और पनवेल रेलवे स्टेशनों के बीच में हुआ है। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हुई है और दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए है।
पनवेल पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह दुर्घटना गत सुबह 3.30 से 4 बजे के बीच हुई है। उस वक्त कार मुंबई-पनवेल राजमार्ग पर नेरल की तरफ जा रही थी। पुलिस के मुताबिक मरने वालों की पहचान धर्मानंद गायकवाड़ (41), धर्मानंद के चचेरे भाई मंगेश जाधव (46) और नितिन जाधव (48) के रूप में हुई है।
पुलिस ने साथ ही पुशठी करते हुए बताया कि मरने वाले धर्मानंद गायकवाड़ गायकवाड़ रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के कार्यकर्ता थे। जिसके चलते आरपीआई के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मौतों पर शोक जताया और घटना की जांच की मांग भी की। वहीं, मध्य रेलवे (सीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवराज मानसपुरे ने इस घटना को लेकर बताया कि मालगाड़ी पनवेल से रायगढ़ जिले के कर्जत की ओर जा रही थी, इस घटना के दौरान इसके कुछ डिब्बे इंजन से अलग हो गए। इस घटना के कारण सीआर राजमार्ग का पनवेल-कर्जत मार्ग तड़के 3.43 बजे से सुबह 7.32 बजे तक बंद रहा।