Sunday, September 8

महिला को निर्वस्त्र घुमाया, खंभे से बांधकर पीटने के मामले में सात गिरफ्तार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

बंगलुरू, 12 दिसंबर। कर्नाटक के बेलगवी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गांव में एक महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। उसे निर्वस्त्र घुमाया गया। फिर उसे बिजली के खंभे से बांध दिया गया। महिला का बेटा एक लड़की के साथ घर छोड़कर भाग गया था, जिसकी सगाई किसी और से होने वाली थी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस कृत्य के बारे में पता चलने पर लड़की के परिवार के सदस्यों ने न्यू वंतामुरी गांव में उसके घर पर हमला किया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद वे उसकी मां को घसीटकर ले गए। उसे निर्वस्त्र घुमाया और बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया है।

बेलगावी के पुलिस आयुक्त सिद्दरामप्पा ने कहा कि अशोक (24 वर्षीय) और प्रियंका (18 वर्षीय) दोनों एक ही समुदाय के हैं और एक ही गांव के रहने वाले हैं। सोमवार रात करीब 12.30 बजे वे गांव से निकले। पुलिस ने बताया कि इससे नाराज लड़की के माता-पिता और रिश्तेदार उसके घर में घुस गए और उसकी मां के साथ अमानवीय व्यवहार किया। उन्होंने बताया, सुबह चार बजे सूचना मिलने पर हमारे पुलिस उप निरीक्षक ने गांव का दौरा किया। उसके बाद अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सात लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि ककाटी पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया है।

गृहमंत्री ने कहा कि भागे हुए कपल को ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराध करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। पीड़िता कमलम्मा इस घटना से सदमे में है।

Share.

About Author

Leave A Reply