Tuesday, October 14

मेरठ में हवा की गुणवत्ता में हुआ सुधार, छह-सात को भारी बारिश और ओलावृष्टि के आसार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 04 अक्टूबर (प्र)। पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से संभावित नम हवाओं के पहुंचने से पूरे उत्तर भारत का मौसम तेजी से बदलने जा रहा है। गुलमर्ग में समय से पहले सीजन की पहली बर्फबारी और कल से उत्तर भारत के राज्यों में बारिश की दस्तक से तापमान तेजी से फिसलने लगेगा। छह-सात अक्तूबर को वेस्ट यूपी सहित विभिन्न राज्यों में मध्यम से भारी बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। इस अवधि में पहाड़ों में व्यापक बारिश एवं बर्फबारी भी होगी। दस अक्तूबर से मैदानों में बर्फीली हवा मैदानों में असर दिखाना शुरू कर सकती हैं। इससे रात के तापमान में बड़ी गिरावट के आसार हैं। रात में सर्दी दस्तक दे सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार आज वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बाारिश हो सकती है, लेकिन कल से इसका दायरा एवं तीव्रता दोनों में बढ़ोत्तरी होगी। छह एवं सात अक्तूबर को वेस्ट यूपी में तेज बारिश, ओलावृष्टि के साथ ही 30-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि चार अक्तूबर को पश्चिमी विक्षोभ व चक्रवाती सिस्टम सक्रिय होने के कारण 6 से 7 अक्तूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। पहाड़ों से मैदानों तक बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवा चलेंगी। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, गाजियाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में छह अक्तूबर को ओला पड़ने के आसार हैं। आठ अक्तूबर से बारिश में व्यापक कमी आएगी और मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। दस अक्तूबर से उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएं मैदानों में पहुंचना शुरू हो जाएंगी। इससे रात के तापमान में बड़ी गिरावट के आसार हैं।

शुक्रवार को मेरठ में दिन-रात का तापमान क्रमश: 32.8 एवं 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। गुरुवार के सापेक्ष दिन-रात के तापमान में क्रमश: 1.4 एवं 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरवाट हुई। बावजूद इसके दिन का तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम जबकि रात का 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ। बीते 24 घंटे में 4.6 मिमी बारिश हुई। बारिश से हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ और यह 63 दर्ज हुआ जो संतोषजनक श्रेणी में है। गंगानगर में 78, जयभीम नगर में 69, पल्लवपुरम में 52, बेगमपुल 61, दिल्ली रोड 65 दर्ज किया गया।

Share.

About Author

Leave A Reply