Monday, July 7

भाजपा पार्षद ने नगर निगम डिपो में ड्राइवर को लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 10 अप्रैल (प्र)। आज सुबह नगर निगम डिपो के पास वार्ड 18 सरायकाजी से भाजपा पार्षद रविंद्र ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। फायरिंग में एक गोली कूड़ा गाड़ी के ड्राइवर के पैर में लग गई। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। इधर लोगों ने पार्षद को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

पिटाई से पार्षद भी लहूलुहान हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पार्षद और ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी पार्षद ने आठ राउंड फायरिंग की। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। घटना के नौचंदी थाना क्षेत्र की है। आज सुबह वार्ड 18 सरायकाजी से भाजपा पार्षद रविंद्र सिंह की डिपो प्रभारी राजेश कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को समझा कर अलग दिया। मगर पार्षद जाते-जाते डिपो प्रभारी राजेश को धमकी दे गए।

पार्षद ने धमकी दी कि तुझे सबक सिखाकर रहूंगा। थोड़ी देर बाद पार्षद रविंद्र अपने साथ दो से तीन लोगों के साथ फिर से डिपो पर पहुंच गया। जब वह पहुंचा तब डिपो प्रभारी राजेश नगर निगम की गाड़ियों के ड्राइवरों से बात कर रहे थे। रविंद्र ने अपने साथियों संग मौके पर पहुंचकर सरेआम पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पार्षद ने आठ राउंड फायरिंग की। इस बीच एक गोली ड्राइवर अविनाश के पैर में जा लगी। गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर भगदड़ मच गई। कुछ देर बाद में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से गुस्साए ड्राइवरों ने पार्षद को पकड़ लिया। उसकी पिस्टल छीनकर उसकी जमकर पिटाई की। फिर ड्राइवरों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी भी मौके पर पहुंचे। जाम खुलवाया और मामले को शांत कराया।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने कहा कि सिविल लाइंस के सूरजकुंड में नगर निगम का डिपो है यहां फायरिंग हुई है। कर्मचारी को गोली लगी है। घायल का नाम अविनाश है। उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। फायरिंग करने वाला व्यक्ति रविंद्र वार्ड 18 के पार्षद हैं। उसे मौके से अरेस्ट कर लिया है। दोनों में कूड़ा गाड़ी को लेकर विवाद हुआ था। मौके से हथियार बरामद कर लिया है। गोली चलाने वाला व्यक्ति पार्षद रविंद्र भी घायल है। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं घटना के विरोध में नगर निगम डिपो के सभी ड्राइवर और कर्मचारियों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि अब शहर में सफाई नहीं की जाएगी।

Share.

About Author

Leave A Reply