Saturday, July 12

12 अवैध डेरियों पर चला कैंट बोर्ड का बुलडोजर, डेरी संचालकों ने किया हंगामा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 30 अप्रैल (प्र)। कैंट बोर्ड ने अवैध डेरियों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को बुलडोजर से लालकुर्ती के बकरी मुहल्ले में करीब 12 डेरियों की दीवारें और शेड ढहा दिए गए। इस दौरान डेरी संचालकों व महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। एक महिला बुलडोजर के आगे खड़ी हो गई, जिसे महिला पुलिसकर्मियों ने पकड़कर हटाया। कार्रवाई के दौरान लालकुर्ती थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही।

कैंट बोर्ड के सीईओ जाकिर हुसैन के निर्देश पर मंगलवार सुबह 10.30 बजे राजस्व अधीक्षक राजेश, सफाई अधीक्षक वीके त्यागी, सफाई निरीक्षक अभिषेक, अवर अभियंता अवधेश कुमार यादव की टीम बकरी मौहल्ला स्थित शक्तिधाम मंदिर के पास पहुंची। डेरी संचालकों में खलबली मच गई। हालांकि पहले से नोटिस मिलने के कारण डेरी संचालकों ने डेरियों से पशु हटा दिए थे। भारी पुलिस बल और तीन बुलडोजर के साथ पहुंची कैंट बोर्ड की टीम ने डेरियों के स्ट्रक्चर तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। डेरी की दीवार तोड़ने को जैसे ही बुलडोजर आगे बढ़े, एक महिला सामने आ गई। महिला ने कहा कि डेरी हटा दी है, लेकिन स्ट्रक्चर को मत तोड़ो। काफी देर हंगामा होता रहा। आसपास के डेरी संचालक भी पहुंच गए। लालकुर्ती थाने के इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंची महिला पुलिस ने हंगामा कर रही महिला को पकड़कर जेसीबी के सामने से हटाया। इसके बाद डेरी की दीवार व टिन शेड तोड़ दिया गया। इसके बाद हंगामे के बीच बारी-बारी से कुल 12 डेरियों को ध्वस्त करने का कैंट बोर्ड ने दावा किया है। एक डेरी में पांच-छह भैंस और गोवंशी थे। जिन्हें हटवाने के बाद डेरी का स्ट्रक्चर तोड़ा गया। साथ पानी के लिए स्थापित पंप भी उखाड़ दिए गए।

पांच हजार वर्ग गज जमीन कब्जा मुक्त कराने का दावा
राजस्व अधीक्षक राजेश जान ने बताया कि बकरी मुहल्ले में करीब पांच हजार वर्ग गज जमीन पर कब्जा था। अब यह जमीन कब्जा मुक्त कराई गई है। गोबर से नाले-नालियां चोक होने के साथ ही सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

कैंट क्षेत्र में 66 अवैध डेरियां चिह्नित
अभियान शुरू करने से पहले कैंट बोर्ड के राजस्व अनुभाग ने कैंट क्षेत्र में 66 अवैध डेरियां चिह्नित की हैं। अब लालकुर्ती क्षेत्र में बूचरी रोड पर अवैध डेरियां हैं। इसके अलावा रजबन सदर, तोपखाना क्षेत्र में भी अवैध डेरियां हैं। कैंट बोर्ड के सीईओ जाकिर हुसैन ने कहा कि करीब 20 दिन पहले सभी डेरी संचालकों को डेरी हटाने का नोटिस जारी किया गया था। अब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है, जो लगातार जारी रहेगी।

इनकी डेरी हटाई गई
बकरी मौहल्ले के नत्थू, सुनीता पत्नी पूच्छन, राजू, रूपचंद, राजो पत्नी बुलाकीराम, कल्लू, लाखन सिंह, अजय, सोहन लाल, शिवनाथ, अरविंद यादव और चीनू यादव की डेरी हटाई गई।

Share.

About Author

Leave A Reply