Monday, March 16

सेंट्रल मार्केट: 23 मार्च को 31 अवैध निर्माणों पर चलेगा बुलडोजर

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 16 मार्च (प्र)। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में अवैध निर्माणों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। आवास एवं विकास परिषद ने पहले चरण में 31 अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने का फैसला किया है। इसके लिए 23 मार्च से ध्वस्तीकरण अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए परिषद ने जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट की नियुक्ति और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 27 जनवरी 2026 को दिए आदेश में आवास एवं विकास परिषद को छह सप्ताह के भीतर अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। तय समयसीमा पूरी होने के बाद 10 मार्च से पहले चरण की कार्रवाई शुरू होनी थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस फोर्स उपलब्ध न होने के कारण उस दिन अभियान शुरू नहीं हो सका। इसके बाद अब परिषद ने नई तारीख तय करते हुए 23 मार्च से ध्वस्तीकरण की तैयारी की है।

आवास एवं विकास परिषद के निर्माण खंड मेरठ-01 के अधिशासी अभियंता अभिषेक राज ने डीएम और एसएसपी को पत्र भेजकर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया कि शास्त्री नगर योजना संख्या-7 में स्थित सेंट्रल मार्केट प्रकरण सुप्रीम कोर्ट में लंबे समय से विचाराधीन रहा है। इस मामले में सर्वाेच्च न्यायालय ने 17 दिसंबर, 2024 को आदेश पारित किया था, जिसके अनुपालन को लेकर अवमानना बाद भी दायर हुआ था। सुप्रीम कोर्ट ने 27 जनवरी, 2026 को दिए अपने आदेश में परिषद को अवैध और अनाधिकृत निर्माणों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी के जरिए अब परिषद ने ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। पहले चरण में चिन्हित 31 संपत्तियों को गिराया जाना प्रस्तावित है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अभियान की तिथि नजदीक आने के साथ ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है। प्रभावित दुकानदारों और भवन स्वामियों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें 23 मार्च से शुरू होने वाली इस ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर टिकी हैं।

ध्वस्तीकरण से पहले सुरक्षा के लिए पुलिस बल की मांग
आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता अभिषेक राज ने बताया कि शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट में अवैध निर्माणों के खिलाफ पहले चरण की कार्रवाई 23 मार्च से शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि ध्वस्तीकरण के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। इसलिए जिला प्रशासन से मौके पर मजिस्ट्रेट की तैनाती और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। इसमें महिला पुलिस की तैनाती भी जरूरी बताई गई है, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

अनिश्चितता के माहौल में निकाल रहे पुराना स्टॉक, ईद और नवरात्रि के नाम पर भारी छूट
शास्त्री नगर के सेंट्रल मार्केट में इन दिनों रौनक से ज्यादा अनिश्चितता का माहौल दिखाई दे रहा है। संभावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई की चचाओं के बीच कई दुकानों पर सबसे सस्ता सामान और मेगा सेल के बड़े बड़े फ्लेक्स नजर आ रहे हैं जो बाजार कभी खरीदारी की चहल-पहल के लिए जाना जाता था, वहां अब व्यापारी डर और असमंजस के बीच कारोबार कर रहे हैं।

दरअसल, वर्ष 2025 की दिवाली के बाद भूखंड संख्या 661/6 में 22 दुकानों के कॉम्प्लेक्स पर हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई के बाद से ही बाजार में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसके बाद से व्यापारियों में कार्रवाई का डर बना हुआ है। इसी वजह से कई दुकानदार नया माल मंगाने से बच रहे हैं। स्थिति यह है कि बाजार में बचा हुआ पुराना स्टॉक ही सस्ते दामों पर बेचा जा रहा है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों के बाहर सेल के बोर्ड लगाए गए हैं। कई दुकानों पर ईद और नवरात्रि के शुभ अवसर का हवाला देते हुए विशेष छूट दी जा रही है। उदाहरण के तौर पर एक दुकान पर लगे फ्लेक्स में ईद मुबारक और ईद और नवरात्रि के शुभ अवसर पर सेल लिखकर गर्मियों के कपड़ों पर भारी छूट की घोषणा की गई है। इसमें 200 रुपये से शुरू होने वाले पैट, 500 रुपये में कुर्ती-प्लाजो और करीब 1000 रुपये में कुर्ती पैट दुपट्टा व ड्रेस सेट देने का प्रचार किया जा रहा है।

मजबूरी की सेल में बदल गया सेंट्रल मार्केट
कुछ दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें अस्थायी रूप से बंद भी कर दी हैं। व्यापारियों का कहना है कि जब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं होती, तब तक कारोबार सामान्य होना मुश्किल है। फिलहाल ग्राहकों के लिए यह बाजार सस्ते सामान का केंद्र बन गया है, लेकिन व्यापारियों के लिए यह सेल मजबूरी की बिक्री बनकर रह गई है।

Share.

About Author

Leave A Reply