Thursday, April 23

सेंट्रल मार्केट: लखनऊ से आए अधिकारी बोले- सुप्रीम कोर्ट में व्यापारियों का रखा जाएगा पक्ष

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 23 अप्रैल (प्र)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मेरठ पहुंचे उनके सलाहाकार अवनीश अवस्थी एवं अन्य आला अफसरों ने कमिश्नरी सभागार में संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता, सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों, महिलाओं के साथ बैठक की। इस दौरान व्यापारियों ने अपना दर्द बयां किया और राहत दिलाने के प्रयास करने की गुहार लगाई। कहा कि दुर्बल आय वर्ग के मकानों में व्यापारियों को सेटबैक छूट का लाभ दिलाया जाए।

बैठक में संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर के व्यापारियों की समस्या रखी। कहा कि व्यापारियों का पक्ष सुप्रीम कोर्ट में सरकार की ओर से रखा जाए। प्रयास हो कि व्यापारियों का कम से कम नुकसान हो और राहत मिले। मनोज गर्ग ने खासतौर पर छोटे व्यापारियों की समस्याएं रखी। इस पर अफसरों ने समाधान का भरोसा दिया। बैठक में उपाध्यक्ष तरुण गुप्ता, मेन सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, महामंत्री निमित जैन, तिरंगा चौक व्यापार संघ शास्त्रीनगर अध्यक्ष मनोज गर्ग, संजीव पुंडीर, गौरव विरमानी, शुभम दुबलिश, सोनू बत्रा, राधा गुप्ता, शीतल पूजानी शामिल रहीं। वहीं बुधवार को मेरठ पहुंचे अवनीश अवस्थी एवं आवास विकास परिषद के अफसरों से संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल मिला। उन्होंने आवास विकास के 1982 के बायोलॉज को लागू करते हुए व्यापारियों के लिए राहत प्रदान करने की बात कही। प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त व्यापार संघ के संरक्षक अरुण वशिष्ठ, अध्यक्ष अजय गुप्ता, सरदार दलजीत सिंह, अंकित गुप्ता मनु, अंकुर गोयल, संदीप गोयल रेवडी, सतीश गर्ग रहे।

व्यापारियों के साथ इस पर हुई चर्चा
● सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की समस्याओं पर कमिश्नर एवं डीएम करेंगे मॉनीटरिंग
● सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों को आवास विकास कॉमर्शियल भवन बनाकर किराए पर देगा दुकानें
● मकानों के प्रभावित होने वाले व्यापारियों को आवास विकास की योजनाओं में सब्सिडी एवं कम से कम किश्तों पर मकान देने की उम्मीद
● व्यापारियों का अहित न हो, ऐसी योजनाएं बनाने का काम करेंगे आवास विकास परिषद के अधिकारी

नोटिस वितरण के लिए इंतजार करती रही टीम
सेंट्रल मार्केट मामले को लेकर लखनऊ से मेरठ पहुंचे आला अधिकारी जहां मैराथन बैठक करते रहे, वहीं परिषद कर्मचारियों की गठित टीम नोटिस वितरण के आदेश का इंतजार करती रही। शाम तक बैठक चलने के चलते बुधवार को नोटिस जारी नहीं हो सके।

नोटिस जारी करने के लिए परिषद ने 8 टीमें गठित कर दी हैं। इन टीमों को बुधवार से व्यापारियों को नोटिस जारी करने थे लेकिन शाम तक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों की बैठक चलती रही। अब गुरुवार को नोटिस वितरित किए जाएंगे।

व्यापारियों ने राष्ट्रपति से की दया प्रार्थना
सेंट्रल मार्केट मामले में व्यापारियों समेत हजारों परिवारों के जीवन और जीविका को बचाने के लिए व्यापारी कलक्ट्रेट पहुंचे। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन के नेतृत्व में व्यापारियों ने राष्ट्रपति से मार्मिक गुहार लगाई। इस दौरान शैंकी वर्मा, आमिर रजा, परमजीत सिंह, सौरभ जैन, आलोक जैन, विपिन जैन, संयम जैन, विशाल नेहरा, वरुण खट्टर, अक्षय शर्मा, मिन्हाज रिज़वी आदि मौजूद रहे।

व्यापारियों का यह भी पक्ष रखा जाएगा
व्यापारियों ने कहा कि आवास विकास परिषद की ओर से प्रदेश सरकार की लैंडयूज चेंज पॉलिसी के तहत जमा शमन शुल्क का मामला भी सुप्रीम कोर्ट में नहीं रखा गया। इस पर अफसरों ने भरोसा दिया कि सुप्रीम कोर्ट में मजूबती से पैरवी करते हुए व्यापारियों द्वारा जमा किए गए शमन शुल्क के साथ ही उनका पक्ष रखा जाएगा।

सेंट्रल मार्केट में अब यह किया जाएगा
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में जिन व्यापारियों को सेटबैक छोड़ दिए हैं, उन्हें आवास विकास परिषद को लिखकर देना होगा। अफसर निरीक्षण कर इसे देखेंगे, ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कोई कमी रह गई होगी तो उसे ठीक कराया जा सके। इसके अलावा 25 मीटर के जिन मकानों में आवास विकास परिषद ने सेटबैक छोड़कर नहीं दिये थे, उनका सर्वे होगा। ऐसे छोटे मकानों को भी अफसरों की टीम देखेगी, जिनमें सेटबैक छोड़ना संभव नहीं है। सर्वे करके सूची तैयार की जाएगी। निरीक्षण की रिपोर्ट आला अधिकारियों के भेजी जाएगी। अवनीश अवस्थी पूरे मामले को शासनस्तर पर उच्चस्तरीय बैठक में रखेंगे। अधिकारी प्रयास करेंगे कि व्यापारियों का अहित न हो, ऐसी योजना बनाएंगे।

Share.

About Author

Leave A Reply