Wednesday, February 11

होली बाद लोहियानगर में शिफ्ट होगा सोहराब गेट बस अड्डा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 11 फरवरी (प्र)। सोहराब गेट डिपो के पुनर्निर्माण के लिए, बस अड्डे को अस्थाई रूप से होली बाद लोहियानगर में अस्थाई रूप से शिफ्ट किया जाएगा। यूपी रोडवेज की ओर से मेरठ विकास प्राधिकरण को उक्त भूमि का एक वर्ष का किराया जमा कर दिया है। मेडा होली बाद बस अड्डे के लिए जमीन का कब्जा देगा।

दरअसल, सोहराब गेट डिपो का पुनर्निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। नौ मंजिला भवन निर्माण में करीब दो वर्ष का समय लगेगा। ऐसे में यहां से बसों का संचालन यहां से नहीं हो पाएगा। सोहराब गेट डिपो में ही डिपो की कार्यशाला के साथ- साथ क्षेत्रीय कार्यशाला भी है, जिसमें अन्य डिपो की मरम्मत की जाती है। बस अड्डे और कार्यशालाओं को करीब दो साल के लिए अन्यत्र शिफ्ट किया जाएगा। सोहराब गेट डिपो में कुल 253 बसें हैं, इनके संचालन के लिए बड़ी जगह की जरूरत है।

बस अड्डा शिफ्ट न होने की वजह से कई माह से इस योजना पर कार्य नहीं किया गया। कई माह तक रोडवेज के अधिकारियों ने जमीन की तलाश की। आरएम, एआरएम सोहराब गेट, एआरएम फाइनेंस और रोडवेज के निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने सूरजकुंड रोड पर करीब आठ हजार वर्ग फीट की जगह देखी। गढ़ रोड पर नाले के बराबर में 10 हजार वर्ग फीट जगह को देखा। सोहराब गेट डिपो के पास की 9000 वर्ग फीट भूमि का अवलोकन किया। इसके अलावा हापुड़ रोड पर गुरुनानक स्कूल की करीब 15000 वर्ग फीट जगह को देखा गया। इनमें एक भूमि का कोर्ट में बाद चल रहा है। एक जगह का गेट छोटा है, गेट बड़ा करने के लिए बिल्डिंग के कुछ भाग को तोड़ना होगा। अंत में रोडवेज के अधिकारियों को लोहियानगर में मेडा की करीब दस हजार वर्ग मी. जगह पसंद आई। इसके लिए मेडा ने एक लाख रुपये प्रति वर्ष का किराया निर्धारित किया।

यूपी रोडवेज ने एक वर्ष का किराया मेडा को दे दिया है। मेडा ने होली बार यानी मार्च के दूसरे सप्ताह में उक्त भूमि पर कब्जा देने का वादा किया है। कब्जा मिलने के बाद यूपी रोडवेज के अधिकारी दफ्तर, कार्यशाला और प्लेटफार्म आदि के लिए चबूतरे, क्योस्क और शेड आदि की व्यवस्था स्वयं करेंगे इसके बाद सोहराब गेट डिपो को लोहियानगर में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

इस डिपो और इस डिपो में आने वाली सभी बसों का संचालन लोहियानगर से ही किया जाएगा। वहीं, इस संबंध में सोहराब गेट डिपो के एआरएम राजीव कुमार का कहना है कि मेडा में बस अड्डे की भूमि का एक लाख रुपये किराया रोडवेज ने जमा कर दिया है। होली बाद मेड़ा भूमि का कब्जा देगा। इसके बाद बस अड्डे को शिफ्ट करने की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

Share.

About Author

Leave A Reply