Saturday, July 27

पुलिस व लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़, एक सिपाही व दो बदमाशों को लगी गोली; चार गिरफ्तार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

महराजगंज 20 अक्टूबर। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के जंगल में बीते 10 अक्टूबर को गोरखनाथ क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी अभिमन्यु यादव से हुई लूट मामले की जांच कर रही पुलिस की आज सुबह लुटेरों से मुठभेड़ हो गई। लुटेरों द्वारा की गई फायरिंग में बृजमनगंज थाने पर तैनात सिपाही नीरज को गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो लुटेरों को भी गोली लगी है। इस दौरान पुलिस ने कुल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपित मौके से भाग निकला। आरोपितों के पास से दो असलहा समेत 55.80 लाख रुपये नकदी , 275 ग्राम सोना और 1150 ग्राम चांदी बरामद हुआ है।

बीती 10 अक्टूबर को बृजमनगंज के लेहड़ा मंदिर के समीप जंगल में अभिमन्यु यादव को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। लूट की धनराशि को लेकर असमंजस की स्थिति थी। अभिमन्यु यादव की ओर से दो लाख लूट के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामला हवाला के धंधे से जुड़े होने से आरोपितों ने लूट की रकम कम बताई थी। इस मामले में एसओजी (स्पेशल आपरेशन ग्रुप) स्वाट (स्पेशल विपंस एंड टैक्टिस) सर्विलांस समेत करीब नौ टीमें जांच में जुटी हुई थीं।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच के क्रम में गुरुवार की रात में आरोपितों की लोकेशन पुनः बृजमनगंज थाना क्षेत्र में ही मिलने पर पुलिस सतर्क हो गई थी। इसके बाद पुलिस टीम बृजमनगंज के हनुमानगढ़िया मार्ग पर जांच में जुटी थी। रात दो बजे के बाद दो बाइक पर पांच लोग आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में बृजमनगंज थाने पर तैनात सिपाही नीरज सिंह को गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू की तो दो आरोपित घायल हो गए, वहीं एक आरोपित मौके से फरार हो गया। जबकि दो अन्य आरोपितों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
घायल हुए आरोपितों की पहचान गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के हैदरगंज जंगलधूषण निवासी विकास चौहान, नौतनवा के मधुबन नगर निवासी प्रवीण चौहान, पनियरा के मुजुरी निवासी विद्यासागर और गोरखपुर के ही रामप्रवेश के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार हुए आरोपितों में प्रवीण और विकास चौहान ने ही 10 अक्टूबर को बृजमनगंज में लूट की घटना को अंजाम दिया था।

Share.

About Author

Leave A Reply