Saturday, July 27

स्पोर्ट्स कारोबारी से मांगी एक करोड़ की रंगदारी, दो गिरफ्तार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 14 दिसंबर (प्र)। जानी थानाक्षेत्र में शीलकुंज निवासी स्पोट्र्स कारोबारी को पत्र भेजकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इससे कारोबारी और उसका परिवार सहम गया। पुलिस ने रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की। इसके बाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों स्पोर्ट्स कारोबारी के यहां कपड़ा सप्लाई करते थे। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

शीलकुंज कालोनी निवासी रजत भूटानी की जानी थाना क्षेत्र में सुभारती मेडिकल कालेज के पास ट्रैक सूट बनाने की फैक्ट्री है। एक दिसम्बर को फैक्ट्री के गार्ड श्याम को एक पत्र मिला। इसमें रजत भूटानी को संबोधित करते हुए उससे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। नहीं देने पर कत्ल की धमकी दी गई थी । रजत ने तत्काल थाना जानी को रंगदारी मांगने की सूचना दी। दो दिन बाद रजत के दूसरे कर्मचारी मोनू को फिर पत्र भेजकर एक करोड़ की रंगदारी रजत भूटानी से मांगी गई। रजत ने फिर जानी पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर आकर जांच की। आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। इसमें दो युवक रजत की फैक्ट्री तक आते और जाते दिखाई दिए। जांच करने पर पता चला कि दोनों युवक भावनपुर थानाक्षेत्र के इंद्र व अंकित है। दोनों रजत भूटानी के यहां कपड़ा सप्लाई करते है । पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उन्होंने रंगदारी का पत्र भेजने की बात मानी। उन्होंने बताया कि कपड़ा सप्लाई करते हुए उन्हें पता चला कि रजत के पास काफी रुपया है और उससे रंगदारी मांगकर उसे डराकर रुपया वसूला जा सकता है। इसी कारण उन्होंने एक करोड़ की रंगदारी मांगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

Share.

About Author

Leave A Reply