Monday, April 20

रिटायर्ड कर्नल पर जानलेवा हमला करने में शामिल पूर्व लिपिक गिरफ्तार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 20 अप्रैल (प्र)। डिफेंस कालोनी में मॉर्निंग वॉक के दौरान रिटायर्ड कर्नल पर जानलेवा हमले में शामिल एक पूर्व लिपिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व लिपिक सैनिक सहकारी आवास समिति में 5.57 करोड़ के घोटाले में आरोपी है। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। हमले की साजिश रचने के मामले में रिटायर्ड मेजर और अन्य लोग अभी फरार कहे गए हैं।
डिफेंस कालोनी निवासी रिटायर्ड कर्नल सुरेंद्र पाल सिंह पर कार सवार नकाबपोश हमलावरों ने 15 अप्रैल की प्रातः छह बजे उस समय जानलेवा हमला किया था, जब वे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। हमलावरों ने रिटायर्ड कर्नल के गले में गमछा डालकर गला घोंटते हुए हथौड़ी से घुटनों पर प्रहार किये थे जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। शोरशराबा होने पर हमलावर फरार हो गए थे। रिटायर्ड कर्नल गंगानगर थाने पर दी सैनिक सहकारी आवास समिति के पूर्व लिपिक अभिनव त्यागी व सलमान खान, पूर्व अध्यक्ष मेजर महेंद्र सिंह तथा दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हमले के पीछे का कारण दी सैनिक सहकारी आवास समिति में 5.57 करोड़ रुपये का घोटाला बताया गया था। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने रविवार को गंगानगर स्थित ऑफिस पर प्रेसवार्ता में मामले के खुलासे की जानकीर दी। उन्होंने कहा कि रिटायर्ड कर्नल सुरेंद्र पाल सिंह पर हुए हमले के बाद हमलावरों की पहचान के लिए गंगानगर थाना प्रभारी विनय सिंह तथा स्वॉट टीम देहात प्रभारी शैलेश तोमर की टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस तथा हमले में प्रयुक्त वर्ना कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच पड़ताल की गई। हमले में दी सैनिक सहकारी आवास समिमि के पूर्व लिपिक सलमान खान पुत्र जहीर निवासी ग्राम पांची, थाना खरखौदा का नाम प्रकाश में आया। जिस पर रविवार को सलमान खान को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही, उसकी निशानदेही हमले में प्रयुक्त वर्ना कार भी बरामद कर ली गई है।
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने कहा कि सलमान खान द्वारा पूछताछ में कहा कि रिटायर्ड कर्नल सुरेंद्र पाल सिंह ने डिफेंस कॉलोनी में प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त तथा चेयरमैन पद के विवाद को लेकर सलमान तथा रिटायर्ड मेजर महेंद्र चौधरी, रणसिंह तोमर व अभिनव त्यागी के विरुद्ध पूर्व में कई मुकदमें पंजीकृत कराए थे। इस पर दी सैनिक सहकारी आवास समिति की ओर से हम लोगों पर 5.57 करोड की रिकवरी आयी थी। रिकवरी में स्टे प्राप्त करने व रिटायर्ड कर्नल सुरेंद्र पाल सिंह को प्रभावी पैरवी करने से रोकने के लिए रिटायर्ड मेजर महेंद्र चौधरी, रणसिंह तोमर, अभिनव त्यागी, रहनुमा खान तथा सलमान खान ने मिलकर रिटायर्ड करनल सुरेंद्र पाल सिंह के पैर तोड़ने की योजना बनाई थी। इस योजना के तहत ही 15 अप्रैल की सुबह मॉर्निंग वॉक के समय उन पर हमला किया गया था।

Share.

About Author

Leave A Reply