Saturday, December 6

अब 6 को नये सिरे से होंगे नगर निगम की कार्यकारिणी चुनाव, महापौर ने की घोषणा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 03 दिसंबर (प्र)। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पार्षदों व नेताओं के तमाम विरोध को दरकिनार करते हुए नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव नये सिरे से कराने की पूरी तैयारी कर ली गयी है। इस बार कार्यकारिणी चुनाव छह दिसंबर को कराये जायेंगे। इसके लिए पूरा चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। भाजपा ने अपने दरकते हुए जनाधार के साथ अपने ही बागी संजय सैनी के जाने से खाली हुई भरपाई को पूरा करने की रूपरेखा बनाई है। उधर कांग्रेस और सपा ने भी बदले हुए घटनाक्रम में अब बहिष्कार की जगह कार्यकारिणी चुनाव में अपना दबदबा कायम करने के लिए रूपरेखा बनानी शुरू कर दी है।

गत वर्ष 17 नवंबर को नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव कराने के लिए शास्त्री नगर के जोनल कार्यालय में पूरे इंतजाम किये थे। लेकिन चुनाव परिणाम के प्रथम राऊंड के साथ ही निगम कार्यकारिणी चुनाव निरस्त कर दिये गये। पूरे दिन हंगामा चलता रहा। विपक्ष के एकजुट होने से जब अपने पक्ष के समीकरण बिगड़ने लगे तो भाजपाई नेता आक्रामक हो गये थे। नगर निगम कार्यकारिणी में वाकई यह इतिहास ही कहा जायेगा कि चुनाव परिणाम के प्रथम राऊंड के नतीजे घोषित होने के साथ ही उस चुनाव को ही निरस्त कर दिया गया। पूरे दिन हंगामा, नोकझोंक होने के बाद जब निगम कार्यकारिणी में विपक्ष मजबूत साबित होता दिखा तो इस चुनाव को ही निरस्त कर दिया गया। उधर चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद इसके निरस्त होने पर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष ने इसका विरोध किया। उन्होंने इसे खुली गुंडई बताते हुए कमिश्नर से शिकायत भी की। खेल बिगड़ने की मुख्य वजह भाजपा क खेमे के पार्षद संजय सैनी रहे। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों के चुनाव के लिए भाजपा में आम सहमति नहीं बन सकी। स्थिति ये रही कि भाजपा के पार्षदों ने बगावती तेवर अख्तियार कर लिया। भाजपा नेवार्ड 52 से अजय चंद्रा, वार्ड- 69 से पंकज गोयल, वार्ड 26 से सत्यपाल सिंह, वार्ड 9 से रेशमा सोनकर तथा वार्ड 30 से निरंजन सिंह के नाम अंतिम तौर पर फाईनल किये।

भाजपा के ही कार्यकारिणी सदस्य रहे संजय सैनी इस बार भी चुनाव लड़ने के इच्छुक थे। लेकिन जब उन्हें दोबारा मौका देने से मना कर दिया गया तो उन्होंने पवन चौधरी को चुनाव लड़वाने के लिए पुरजोर कोशिश की। उधर जब भाजपा के अधिकृत पांचों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल हो गये तो संजय सैनी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव में डटे रहे। उधर विपक्ष की ओर से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कहकशां तथा राहत जहां के साथ एआईएमआईएम के वार्ड-72 के प्रत्याशी शाहिद अंसारी ने नामांकन भरा। सब कुछ भाजपा और विपक्ष के मन मुताबिक ही चल रहा था। बाहरी तौर पर एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिशें हो रही थीं। जबकि अंदरखाने इस बात की पूरी सेटिंग हो गयी थी कि कौन से प्रत्याशी को कितने वोट देने हैं। खूब हो हल्ला के बाद मामला तब बिगड़ा। जब पहले राउंड की मतगणना में 96 वोटों में से चार वोटों को मुख्य चुनाव अधिकारी अमित भार्गव ने निरस्त कर पहले राउंड की मतगणना के परिणाम घोषित किये। इसमें भाजपा के अजय चंद्रा, निरंजन सिंह, पंकज गोवल के साथ समाजवादी पार्टी की पार्षद कहकशां को 13 वोट मिलने की घोषणा की गयी। जबकि भाजपा की ही रेशमा सोनकर को 12 वोटें मिलीं। जबकि भाजपा के ही बागी संजय सैनी को भी 12 वोटें मिलीं। जबकि भाजपा के प्रत्याशी सत्यपाल सिंह को 11 तथा एआईएमआईएम के पार्षद शाहिद अंसारी को महज 5 वोटें मिलीं। मुख्य चुनाव अधिकारी अमित भार्गव अभी पहले राऊंड के चुनाव परिणाम की घोषणा कर ही रहे थे कि भाजपा पार्षद अनुज वशिष्ठ के साथ दूसरे पार्षदों ने इसका विरोध कर दिया। उन्होंने कहा कि चार वोटें जानबूझकर निरस्त की जा रही हैं। जबकि वह चार वोटें भाजपा की ही हैं। इसी बात को लेकर काफी देर तक गहमा-गहमी चलती रही। जब मामला बढ़ता ही रहा तथा मतदान कराने वालों पर ही सवालिया निशान उठने लगे तो मुख्य चुनाव अधिकारी अमित भार्गव ने चुनाव को निरस्त कर दिया। इस चुनाव में कांग्रेस और सपाइयों ने नई रणनीति दिखाते हुए चुनाव में एका किया तथा अपनी पार्षद राहत जहां को अंदरखाने बैठाकर एक पक्षीय तौर पर कहकशां जीशान शाहिद अब्बासी को जीत हासिल करा दी। साथ ही भाजपा के बागी संजय सैनी को भी जिता दिया। भाजपाइयों को यही अखरा कि उनका बागी कैसे जीत गया। इसके लिए पूरे चुनाव को ही निरस्त कर दिया गया।

सुबह साढ़े 11 से 4 बजे तक होंगे चुनाव
महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने बताया कि 6 दिसंबर को सुबह साढ़े 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त व जमा किये जायेंगे। दोपहर साढ़े 12 बजे से एक बजे तक नामांकन पत्रों की जांच कर डेढ बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी की जायेगी। दोपहर डेढ़ बजे से दो बजे तक मत पत्रों की तैयारी की जायेगी तथा आवश्यक होने पर दोपहर 2 बजे से चार बजे तक चुनाव कराया जायेगा। इसके बाद शाम 4 बजे से परिणाम घोषित होने तक मतगणना करते हुए चुनाव परिणाम घोषित किया जायेगा।

बी ब्लॉक में ही होंगे कार्यकारिणी चुनाव
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि 6 दिसंबर को नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव इस बार भी नगर निगम के जोनल कार्यालय बी ब्लॉक शास्त्री नगर में होंगे चुनाव कराने के लिए नगर निगम के सभी पार्षदों तथा कार्यकारिणी सदस्यों व बोर्ड के सदस्यों को सूचना भेज दी गयी है। इसमें कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चुनाव किया जाना है।

Share.

About Author

Leave A Reply