Thursday, March 19

तेजगढ़ी से मुरलीपुर तक चौड़ी होगी सड़क, 9 परियोजनाओं को हरी झंडी

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 19 मार्च (प्र)। तेजगढ़ी चौराहे से मुरलीपुर फूल ईस्टर्न बाईपास इंटर सेक्शन तक सड़क चौड़ीकरण का काम जल्द ही शुरू होने जा रहा है। शासन ने इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान (आईडीपी) के तहत तैयार किए गए मेरठ विकास प्राधिकरण की 10 परियोजनाओं में से 9 परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए जल्द ही चालू वित्त वर्ष में ही 250 करोड़ रुपये भी मिलने जा रहे हैं। तेजगढ़ी चौराहे से मुरलीपुर फूल तक सड़क चौड़ीकरण में करीब 104 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

मेरठ विकास प्राधिकरण को इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान फॉर मेरठ के तहत अल्पकालीन अवधि के 10 प्रोजेक्ट मिले हैं। इन परियोजनाओं की लागत करीब 606.35 करोड़ आंकी गई है। इन 10 परियोजनाओं में से 9 परियोजनाओं की डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है और शासन ने डीपीआर का सत्यापन करके 9 परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए चालू वित्तीय वर्ष में 250 करोड़ रुपये मिलने जा रहे हैं। बाकी धनराशि आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 से मिलेगी।

तेजगढ़ी चौराहे से लेकर काली नदी तक वाहनों की भारी भीड़ के चलते लंबा जाम लगा रहता है। सड़क चौड़ीकरण के बाद वाहन आसानी से संचालित हो सकेंगे और लोगों को भारी राहत मिलेगी।

मेडा वीसी संजय कुमार मीना का कहना है कि आईडीपी के तहत मेडा ने पहले चरण के 10 प्रोजेक्ट में से 9 की डीपीआर शासन को भेजी थी, जिसे पास कर दिया गया है। चालू वित्तीय वर्ष से करीब 250 करोड़ रुपये मिलने जा रहे हैं। जल्द ही मंजूर हुए प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा।

इन परियोजनाओं को मिली मंजूरी
परियोजना का नाम धनराशि (करोड़ में)

तेजगढ़ी चौराहे से मुरलीपुर फूल इंटर सेक्शन तक सड़क चौड़ीकरण 103.65
जेलचुंगी से भावनपुर इंटर सेक्शन तक सड़क चौड़ीकरण 101.70
घंटाघर क्षेत्र में अवस्थापना विकास एवं हैरिटेज सौंदर्यीकरण कार्य 60
थीमेटिक डेवलपमेंट ऑफ हस्तिनापुर रोड 90
शताब्दीनगर एसटीपी से मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र तक जल शोधन कार्य 8.50
सूरजकुंड पार्क जीर्णाेद्धार एवं विकास कार 30
शहर में विभिन्न स्थानों पर 25 यात्री शैल्टर कार्य 5
कमिश्नरी चौराहा पार्क का जीर्णाेद्धार एवं विकास कार्य 2
ईस्टर्न कचहरी रोड, लोकप्रिय अस्पताल, मवाना रोड पुलिया चौड़ीकरण कार्य 5.50

Share.

About Author

Leave A Reply