मेरठ, 23 अप्रैल (प्र)। प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ गत दिवस चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्रों ने बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि भीषण गर्मी में छोटे बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत हो रही है। तेज धूप और लू के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ने का अंदेशा है। ऐसे में स्कूलों के समय में बदलाव जरूरी है। इसे लेकर शासन के भी आदेश है, किंतु स्कूल वाले मनमानी कर रहे हैं। दूसरी मांग आरटीई व्यवस्था में पारदर्शिता को लेकर उठाई। आरोप लगाया कि कई निजी स्कूल गरीब बच्चों के लिए निर्धारित सीटों में गड़बड़ी कर रहे हैं, जिससे पात्र बच्चों को हक नहीं मिल पा रहा। आरटीई के दाखिलों में भी अवैध वसूली हो रही है। छात्रों ने निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की। महंगी किताबें, यूनिफार्म और अतिरिक्त शुल्क के नाम पर अभिभावकों के शोषण का मुद्दा उठाया। बीएसए आशा चौधरी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। छात्रों ने चेतावनी दी, यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बीएसए कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी। इस दौरान विनीत चपराना, अमन राणा, रजत ठाकुर, प्रमोद शेरगढ़ी, सौरभ राजपूत, आशु गोस्वामी मौजूद रहे।
छात्रों ने स्कूलों की मनमानी के खिलाफ बीएसए कार्यालय घेरा
Share.
