मेरठ 03 फरवरी (प्र)। गंगानगर रोड किनारे मेडा के पेडेस्ट्रीयन फ्रेंडली स्ट्रीट की दीवार के पीछे कसेरूखेड़ा नाले की सफाई के लिए सर्विस लेन बनाने का सर्वे शुरू हो गया है। सोमवार को नगर निगम के सहायक अभियंता निर्माण सतीश कमल, अवर अभियंता प्रवीण कुमार मेरठ विकास प्राधिकरण के अभियंताओं की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दीवार के पीछे नाले किनारे की जमीन की नापजोख की दीवार और नाले के बीच पांच- सात मीटर चौड़ी जगह मिली है। जिस पर सफाई की मशीनों के आने-जाने के लिए सर्विस लेन बनाई जा सकती है। समस्या ये है कि करीब 400 मीटर में बिजली की डबल लाइन के पोल खड़े हैं, जिन्हें शिफ्ट करना पड़ेगा।
मवाना रोड पुल से बीएनजी स्कूल किला परीक्षितगढ़ रोड तक कुल 2200 मीटर लंबाई में पेडेस्ट्रीयन फ्रेंडली स्ट्रीट की दीवार है। इस हिस्से में कसेरूखेड़ा नाले की सफाई ठप है। मेडा ने बीचोंबीच एक गेट दीवार के पीछे जाने के लिए छोड़ रखा है, जिससे बड़े वाहन और मशीन अंदर जा सकती हैं लेकिन नाले किनारे बिना सर्विस लेन बनाए सफाई संभव नहीं है। गत दिनों महापौर हरिकांत अहलूवालिया और नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने मेडा के अभियंताओं के साथ बैठक कर कसेरूखेड़ा नाले के पूरे हिस्से का संयुक्त सर्वे करने का आदेश दिया था। एक तो नाला सफाई के लिए पक्की सर्विस लेन बनाने, दूसरा नाले किनारे रिटेनिंग वाल बनाने के लिए सर्वे करना था । जिसके क्रम में सर्विस लेन बनाने के लिए नाप-जोख की गई।
मेडा ने सर्वे कराने से पहले जेसीबी मशीन नाले किनारे की झाड़ियां साफ करने के लिए लगाई है। करीब 850 मीटर हिस्से की सफाई हो गई है। सहायक अभियंता निर्माण सतीश कमल ने बताया कि पूरी सफाई के बाद नाले की गहराई चेक की जाएगी।
400 मीटर शिफ्ट करनी पड़ेगी बिजली लाइन
कसेरूखेड़ा नाले किनारे मेद्य की दीवार के पीछे बीएनजी स्कूल किला रोड की तरफ से पेडेस्ट्रीयन फ्रेंडली स्ट्रीट के सामांनातर 400 मीटर दूरी में दो बिजली लाइन हैं, जिससे सर्विस लेन बनाने में बाधा होगी। एक लाइन दीवार किनारे है, दूसरी लाइन बीचोबीच है। इसे शिफ्ट करना होगा। मेद्य और नगर निगम की टीम ने सर्वे में इस बात का उल्लेख किया है।
