Saturday, December 6

झाड़ियों में मिला दौड़ लगाने निकले युवक का शव

Pinterest LinkedIn Tumblr +

सरधना 05 दिसंबर (प्र)। दो दिन पूर्व दवथुवा गांव से दौड़ लगाने को निकले युवक का शव गुरुवार शाम पौहल्ली गांव के निकट सेना रडार के सामने सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला। युवक के चेहरे पर चोट के निशान थे। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पक्ष ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है। प्रथम दृष्टि मामला सड़क दुर्घटना माना जा रहा है।

मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के काकड़ा गांव निवासी विपिन बालियान पुत्र सुरेंद्र सिंह काफी समय से सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। बुधवार को उसे मेरठ भर्ती में शामिल होना था। जिसके लिए वह एक दिन पहले ही साथी कविंद्र के साथ सरधना के दवथुवा गांव निवासी मामा दीपक पुत्र सतवीर के यहाँ आ गया था। मंगलवार सुबह विपिन और कविंद्र सुबह को दौड़ लगाने के लिए निकले थे। कविंद्र तो रास्ते में ही रुक गया था, जबकि विपिन आगे निकल गया था। इसके बाद से ही उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। फोन पर भी युवक से संपर्क नहीं हो पाया था। जिसके बाद बुधवार को परिजनों ने सरधना थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस और परिजन युवक की तलाश में लगे हुए थे। गुरुवार शाम को तलाश करते हुए पुलिस और परिजन पौहल्ली गांव के निकट सेना रडार के सामने पहुंचे। जहां उन्होंने सड़क किनारे झाड़ियों में विपिन का शव पड़ा हुआ देखा। युवक के चेहरे पर चोट लगी हुई थी। पास में ही गाड़ी के बंपर का टुकड़ा पड़ा था। जिसको देखते हुए पुलिस मान रही है कि युवक हादसे का शिकार हुआ होगा।

सूचना मिलते ही सीओ आशुतोष कुमार भी मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पक्ष ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है। देर शाम एफएसएल की टीम भी जांच करने पहुंची। इस संबंध में सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टि मामला हादसे का लग रहा है। गहनता से जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

एक पल में खाक हो गए सपने
विपिन कई सालों से देश की सेवा करने के लिए सेना में शामिल होने के सपने देख रहा था। जिसके लिए वह दिन रात मेहनत करता था। रोजाना दौड़ लगाना और पढ़ाई करता था। बुधवार को उसको मेरठ सेना भर्ती में शामिल होना था। भर्ती के लिए ही युवक दबबुवा अपने मामा के यहां आया था। मगर पलक झपकते ही सपना खाक हो गए। किसी को नहीं पता था कि युवक को मौत यहां खींचकर ले आएगी।

सीसीटीवी में नजर आया युवक
गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पौहल्ली के निकट एक मकान पर गे सीसीटीवी कैमरों में युवक करीब सुबह 7.13 बजे दौड़ लगाता हुआ नजर आया। मगर उससे आगे के कैमरे में नहीं था यानी महावीर कॉलेज के सामने हाईवे कट से युवक वापस मुड़ा होगा। जिसके आधार पर पुलिस ने रडार पर लगे सीसीटीवी चेक किए तो वह 7.20 पर चालू पाए गए। यानी घटना के दौरान सीसीटीवी नहीं चल रहे थे।

रास्ते में ही रुक गया था कविंद्र
विपिन के साथ उसके पड़ोसी गांव कमालपुर शाहपुर निवासी कविद्र पुत्र इंद्रपाल भी भर्ती की तैयारी करता था। भर्ती में शामिल होने के लिए कविंद्र भी विपिन के साथ आया था। सुबह को दोनों साथ में दौड़ लगाने को निकले थे। मगर कविंद्र रास्ते में ही रुक गया था मगर किसी को नहीं पता था कि यह उन दोनों का आखिरी साथ था। कुछ दूर निकलते ही युवक मौत की नींद सो जाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply