मेरठ, 16 मार्च (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। हापुड़ चौराहा के समीप भगतसिंह मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष को अज्ञात युवकों ने जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने कोतवाली थाने पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस आरोपियों को चिह्नित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। नौचंदी थाना क्षेत्र के जयदेवी नगर निवासी आलोक गर्ग की हापुड़ चौराहा के समीप भगतसिंह मार्केट में आलोक गर्ग जनरल स्टोर के नाम से दुकान है। आलोग गर्म भगतसिंह मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष भी हैं। आलोक गर्ग ने कहा कि गत दिवस उनका बेटा आकाश गर्ग दुकान बंद कराने के लिए दुकान पर स्कूटी लेकर पहुंचा। उसने स्कूटी दुकान के सामने खड़ी कर दी। इसी बीच विशेष समुदाय के दो अनजान युवक स्कूटी पर आकर बैठ गए। इस पर आलोक ने युवकों को स्कूटी का स्टैंड कमजोर होने के कारण टूटने की आशंका जताते हुए नाराजगी जताई। इस पर युवकों ने आलोक गर्ग के साथ गाली-गलौज शुरूकर दी। विरोध करने और शोर-शराबा होने पर लगभग दो दर्जन से अधिक युवकों की भीड़ वहाँ पर जमा हो गई और भीड़ ने आलोक गर्ग और उनके बेटे को घेर लिया। अनहोनी की आशंका पर आलोक ने हापुड़ अड्डा चौकी प्रभारी मौहम्मद अकरम खान को फोन किया। चौकी प्रभारी तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस आता देखकर युवक व्यापारी को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। आलोक गर्ग ने कहा कि अगर समय से पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो उनके साथ अनहोनी हो सकती थी। पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली थाने पर मामले की तहरीर दी जिस पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गत दिवस भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा भगत सिंह मार्केट पहुंचें। उन्होंने आलोक गर्ग से मामले की जानकारी ली। साथ ही, कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह से फोन पर बात कर आरोपियों को चिह्नित कर तुरंत गिरफ्तार किए जाने की मांग की।
जान से मारने की व्यापार संघ अध्यक्ष को धमकी
Share.
