Saturday, July 27

दौराला में दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 19 दिसंबर (प्र)। मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के मवीमीरा गांव में दिन निकलते ही बाइक सवार युवक ने मायके आई एक महिला पर बीच गांव में गोलियां बरसा दी। गोलियों की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई। आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। गंभीर हालत में महिला को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने नमूने कलेक्ट किए हैं। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। मौके से पिस्टल के दो खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस जांच में जुटी है।

मवीमीरा गांव निवासी सोनी पुत्री सुभाष की शादी दस साल पहले खतौली के हाजीपुर गांव निवासी सतेंद्र से हुई थी। सोनी की शादी बड़ी बहन अलका के देवर से हुई थी। कुछ विवाद के चलते सोनी का छुटछुटाव हो गया था। पिता सुभाष ने बताया कि 20 दिन पहले ही सोनी की दूसरी शादी चांद शमन निवासी रविंद्र के साथ हुई थी। फिलहाल सोनी अपने मायके आई हुई थी।

सोनी आज सुबह भाई अनुज फौजी के मकान से अपने दूसरे मकान पर पैदल आ रही थीं। जैसे ही वह बीच गांव में बड़े मंदिर के समीप पहुंची तो बाइक सवार युवक ने सोनी पर गोलियां बरसा दी। सोनी को दो गोली लगी। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और ग्रामीण घरों में दुबक गए, जिस कारण आरोपी मौके से आसानी से भाग निकला। घायल हालत में सोनी को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और घटना स्थल से पिस्टल के दो खोखे बरामद किए।

सुभाष के चार बेटी और दो बेटे हैं। सोनी तीसरे नंबर की है।सोनी की पहली शादी हाजीपुर निवासी बड़ी बहन अलका के देवर सतेंद्र के साथ हुई थी। सोनी दो माह पहले पति सतेंद्र के साथ मवाना दवाई लेने गई थी। इस दौरान पति को चकमा देकर सोनी खरदौनी गांव निवासी प्रेमी नाजिम के साथ भाग गई। सोनी को सिकंदराबाद से बरामद किया गया था, जिसके बाद सतेंद्र ने सोनी को ले जाने से इंकार कर दिया। 20 दिन पहले ही सोनी की दूसरी शादी हुई थी। पुलिस प्रेम प्रसंग और पहली शादी को लेकर जांच में जुट गई है।

Share.

About Author

Leave A Reply