आवास विकास की टीम का महिलाओं ने किया विरोध, नोटिस भी फाड़े, तीन बेहोश

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 01 मई (प्र)। शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट के सेक्टर-2 में गत दिवस से नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई शुरू की गई। आवास विकास की टीम नोटिस चस्पा करने पहुंची तो स्थानीय महिलाओं ने टीम का विरोध किया और नोटिस नहीं लगने दिया।
हंगामे को देख मौके पर सीओ सिविल लाइन सुचिता सिंह और नौचंदी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। लोगों को समझने का प्रयास किया। वहीं महिलाओं का कहना है कि किसी भी कीमत पर वह अपने प्रतिष्ठानों पर नोटिस नहीं लगने देंगी।
लोगों ने लगाए गए नोटिस को फाड़ दिया है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन के नाम पर उनको धोखा दिया है। महिलाओं की मुख्य रूप से यही मांग है कि उनके मकान 35 से 40 मीटर में बने हुए हैं। ऐसे में यदि वह 1 मीटर सेटबैक छोड़ देंगी तो उन पर रहने का संकट आ जाएगा। इसलिए उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि ना ही वह इस नोटिस को कुछ समझते हैं और ना ही अब वह सेटबैक छोड़ेंगी। इसके साथ-साथ जो धरना 15 दिन चलने के बाद सांसद अरुण गोविल ने आश्वासन देकर खत्म कराया, वह धोखा देना है।
इस दौरान पुलिस और आवास विकास परिषद के अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत की जा रही है और यदि किसी को आपत्ति है तो वह नोटिस का लिखित में जवाब दे सकता है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का समर्थन करने के लिए सेंट्रल मार्केट के कई व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई का विरोध किया। लोगों का कहना है कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने यह भी कहा कि अरुण गोविल पहले उन्हें आश्वासन देकर गए थे। फिलहाल विरोध को देखते हुए आवास विकास की टीम सेक्टर-3 और आसपास के क्षेत्रों में नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई कर रही है।
सेंट्रल मार्केट में नोटिस चस्पा करने पहुंची आवास विकास टीम का महिलाओं और व्यापारियों ने जमकर विरोध किया। इस दौरान महिलाओं ने आवास विकास की टीम के खिलाफ नारेबाजी की और टीम को खदेड़ दिया। विरोध कर रही एक महिला ने आत्मदाह की चेतावनी दे डाली। वहीं महिला नारेबाजी करते हुए बेहाशे होकर गिर पड़ी। अन्य महिलाओं ने उसे पानी पिलाया और उपचार के लिए भिजवाया।

Share.

About Author

Leave A Reply