पूर्वी दिल्ली/मेरठ 17 अप्रैल (प्र)। पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम ने एक ऐसे साइबर ठग गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने बीते ढाई माह में एक करोड़ की ठगी की। इनमें यूनियन बैंक की मयूर विहार शाखा का रिलेशनशिप मैनेजर भी है, जो म्यूल खाते खुलवाता था। दो ठग चाचा- भतीजे हैं। तीनों टेलीग्राम ग्रुप के जरिए जुड़े थे। आरोपित चीन में बैठे ठगों के साथ मिलकर फेसबुक व इंस्टाग्राम के जरिए लोगों के मोबाइल में एंड्रायड में इंस्टाल होने वाली एपीके (एंड्राइड पैकेज किट) फाइल भेजकर बैंक का ओटीपी ले लेते थे और रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे।
पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपितों की पहचान रिलेशनशिप मैनेजर व बिहार के गया निवासी प्रांशु कुमार, मेरठ के सरधना निवासी शौकीन व इसके भतीजे शाहरुख के रूप में हुई। ढाई माह में इस गिरोह ने करीब 50 लोगों से एक करोड़ रुपये की ठगी की है। इनके पास से कई म्यूल बैंक खाते व एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस को नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से ठगी की एक शिकायत मिली थी कि बरेली निवासी अमन बाबू मौर्य नाम के व्यक्ति से 22 फरवरी को आनलाइन 10 हजार रुपये की ठगी हुई है। ठगी की रकम दिल्ली के मयूर विहार फेज-एक स्थित सिटी यूनियन बैंक के एक संदिग्ध बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। म्यूल खाता कंस्ट्रक्शन रायल एंटरप्राइजेज के नाम से पुरानी कौंडली निवासी शौकीन के नाम पर खुला हुआ है। इस खाते का इस्तेमाल आठ ठगी की वारदात में हुआ है। इसके बाद खाता संचालक शौकीन को कोंडली से गिरफ्तार कर लिया गया।
शौकीन ने बताया कि खाता भतीजे शाहरुख के कहने पर खुलवाया था। पुलिस ने कौंडली से ही शाहरुख को भी दबोच लिया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। शाहरुख ने बताया कि म्यूल खाते रिलेशनशिप मैनेजर फ्रांशु कुमार खुलवाता था। एक खाता खुलवाने के 10 से 15 हजार रुपये वसूलता था। वह फरवरी में टेलीग्राम पर बने चौनल से चीन के ठगों के संपर्क में आया था। वह पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और अपने चाचा शौकीन के साथ सैलून चलाता था।
15 दिन में दी ट्रेनिंग, करने लगा ठगी
पुलिस के अनुसार, चीन में बैठे ठगों ने शाहरुख को 15 दिन की आनलाइन ट्रेनिंग दी थी। शाहरुख ने चाचा को भी गिरोह में शामिल कर लिया। आरोपित मैनेजर ने बताया कि वह अमीर बनने के चक्कर में ठगों की मदद करता था। फर्जी कागजात पर म्यूल खाते खोल देता था। म्यूल खाते उपलब्ध करवाने पर उसे 25-30 हजार कमीशन मिलता था। पुलिस को ठगों से की गई टेलीग्राम चौट भी मिली है।
दस वर्ष पहले गांव छोडकर दिल्ली चला गया था शौकीन
दिल्ली में पकड़े गए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के सदस्यों में छुर गांव का शौकीन और उसका भतीजा शाहरुख भी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शौकीन करीब दस वर्ष पूर्व गांव छोड़कर दिल्ली चला गया था। उस दौरान उसने गांव के कई लोगों से मवेशी खरीदे थे, लेकिन किसी का भुगतान नहीं किया। बाद में दिल्ली में सैलून का काम शुरू कर दिया था।
वहीं, शाहरुख भी करीब दो वर्ष शौकीन के पास चला गया था। दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति पहले सामान्य थी। पर पिछले छह माह में उनके रहन-सहन में काफी बदलाव आ गया था। दिल्ली पुलिस जांच में सामने आया कि पांचवीं पास शाहरुख सैलून संचालक है। टेलीग्राम के माध्यम से वह चीन के ठगों के संपर्क में आया था। उन्होंने उसे आनलाइन ठगी की ट्रेनिंग दी। जिसके बाद उसने चाचा शौकीन को भी इस गिरोह में शामिल कर लिया। दोनों म्यूल बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम ट्रांसफर कराने का काम कर रहे थे।
