मेरठ 16 अप्रैल (प्र)। शहर से देहात तक मेरठ विकास प्राधिकरण के सुंदरीकरण प्रस्तावों पर शासन ने मुहर लगा दी है। इसमें महानगर के आठ चौराहों का सुंदरीकरण, जेल चुंगी से भावनपुर तक सड़क का चौड़ीकरण, सूरजकुंड पार्क का जीर्णाेद्धार और हस्तिनापुर रोड पर थीमेटिक गेट की परियोजनाएं शामिल हैं। शासन से स्वीकृति के बाद मेडा जल्द टेंडर की प्रक्रिया पूरी कराएगा।
शहर में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रमुख चौराहों का आधुनिकीकरण कराने की योजना है। इसके तहत मंगल पांडे नगर चौक, फुटबॉल चौक, डीएन कॉलेज चौक, शहीद भगवान चौक, कैलाश प्रकाश स्टेडियम चौक, बाउंड्री सड़क चौक, शिव मंदिर मोहनपुरी चौक भूमिया का पुल और बच्चा पार्क का कायाकल्प किया जाएगा।
इन चौराहों का होगा सुंदरीकरण
चौराहे धनराशि
मंगल पांडे नगर चौक 3.48 करोड़
फुटबॉल चौक एवं डीएन चौक 4.96 करोड़
शहीद मंगल पांडे चौक चार करोड़
कैलाश प्रकाश स्टेडियम चौक 3.94 करोड़
बाउंड्री सड़क चौक 3.85 करोड़
शिव मंदिर मोहनपुरी चौक 3.99 करोड़
भूमिया का पुल 3.56 करोड़
बच्चा पार्क 3.26 करोड़
जेल चुंगी से भावनपुर तक चौड़ी होगी सड़क
यातायात व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ईस्टर्न कचहरी सड़क, लोकप्रिय हॉस्पिटल और मवाना सड़क पर पुलिया चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी पास हो गया है। इसके लिए 5.18 करोड़ का प्रस्ताव मेडा ने रखा था। इसके अतिरिक्त जेल चुंगी से भावनपुर तक सड़क का चौड़ीकरण के लिए 75.03 करोड़ रुपये की एक परियोजना स्वीकृत हुई है। विद्युत और अन्य लाइन को अंडरग्राउंड करने की योजना भी थी, इस पर अभी मंथन चल रहा है।
शहर की सुंदरता के साथ यातायात प्रबंधन बेहतर होगा
इन जंक्शनों के सुधार से न केवल यातायात प्रबंधन बेहतर होगा, बल्कि शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण व संसाधनों के बेहतर उपयोग को ध्यान में रखते हुए शताब्दीनगर स्थित एसटीपी से मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र तक उपचारित जल के पुनः उपयोग की योजना को भी स्वीकृति मिली है। इस योजना पर 5.81 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
सूरजकुंड पार्क और हस्तिनापुर में भी सुंदरीकरण
मेडा ने पर्यटन और सांस्कृतिक विकास को देखते हुए हस्तिनापुर रोड पर थीमेटिक विकास के लिए 107.50 करोड़ रुपये की योजना तैयार की। इसके अलावा हस्तिनापुर के सुंदरीकरण की योजना है। ऐतिहासिक सूरज कुंड पार्क के जीर्णाेद्धार और विकास के लिए 216.8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, ताकि यह स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सके।
मेडा उपाध्यक्ष संजय मीणा का कहना है कि शहर से देहात तक कई प्रमुख जगहों को सुंदरीकरण, सड़क चौड़ीकरण, सूरजकुंड पार्क का जीर्णाेद्धार और हस्तिनापुर का विकास करने का प्रस्ताव शासन में भेजा गया था। उनको स्वीकृति मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द ही कार्य शुरू कराए जाएंगे।
