मेरठ /नई दिल्ली 06 जनवरी (प्र)। आनंद विहार, न्यू अशोक नगर तक नमो भारत के 13 किलोमीटर लंबे अतिरिक्त खंड का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उद्घाटन किया। ऐसे में अब मेरठ साउथ से आनंद विहार और न्यू अशोक नगर तक नमो भारत ट्रेन से पहुंचा जा सकेगा। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा की और यात्रियों से संवाद भी किया।
मेरठ साउथ से न्यू अशोक नगर तक साधारण कोच का किराया 150 रुपए है जबकि प्रीमियम कोच का किराया 230 रुपए रखा गया है। वहीं आनंद विहार के लिए साधारण कोच में 130 रुपये खर्च करने होंगे। प्रधानमंत्री ने साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक ट्रेन में सफर किया और इस दौरान स्कूली बच्चों से भी बात की। बातचीत के बाद बच्चों ने कहा थैंक्यू मिस्टर प्राइम मिनिस्टर।
न्यू अशोक नगर और मेरठ दक्षिण के बीच 55 किमी लंबे आरआरटीएस कॉरिडोर में 11 स्टेशन हैं। रविवार शाम पांच बजे से यात्रियों के लिए इसका परिचालन शुरू हो गया। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के इस हिस्से के निर्माण की लागत करीब 4,600 करोड़ रुपये है। इस उद्घाटन के साथ ही दिल्ली को अपना प्रथम नमो भारत संपर्क मिल गया। इससे दिल्ली,मेरठ के बीच लाखों यात्रियों को तीव्र गति, आरामदायक यात्रा के साथ उत्कृष्ट सुरक्षा और विश्वसनीयता का लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रोहिणी स्थित जापानी पार्क में परिवर्तन रैली में कहा कि आप-दा पार्टी झूठ फैला रही है कि भाजपा आ गई तो जनता की योजनाओं को बंद कर देगी। भाजपा दिल्ली की सत्ता में आने पर किसी भी जनकल्याणकारी योजना को बंद नहीं करेगी। प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार को आप-दा सरकार करार देते हुए कहा कि इसने दिल्ली वालों के 10 साल बेकार कर दिए। अब दिल्ली में सिर्फ एक ही बात गूंज रही है कि आप-दा को और नहीं सहेंगे। अब आने वाले 25 साल दिल्ली के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। विकसित भारत का एक नया पड़ाव जल्द ही आने वाला है, जब भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक ताकत बनकर उभरेगा।
नमो भारत ट्रेन का न्यू अशोक नगर से साहिबाबाद तक शुभारंभ के बाद नोएडा एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी की प्रक्रिया तेज हो गई है। नमो भारत ट्रेन को गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक दौड़ाने के लिए 72.4 किमी लंबा एलिवेटेड ट्रैक बिछेगा। यूपी सरकार से परियोजना की डीपीआर को झंडी के बाद केंद्र से मंजूरी का इंतजार है।
बताते चले अब मेरठ के शताब्दी नगर ब्रह्मपुरी तक ट्रेन का संचालन किया जाएगा। मेरठ से मोदीपुरम तक वायाडक्ट का काम पूरा हो चुका है। मेरठ साउथ से नमो भारत का शहर में अगला पड़ाव अब शताब्दीनगर है। इन दोनों स्टेशन के बीच परतापुर और रिठानी स्टेशन भी हैं, जहां मेट्रो का ठहराव रहेगा। अफसरों के मुताबिक शताब्दीनगर तक मेट्रो रेल का रूट तैयार हो गया है।
फिनिशिंग का काम चल रहा है और बिजली के लिए अब टेस्टिंग की जा रही है। दूसरी ओर दिल्ली की ओर भी नमो भारत का काम तेजी से चल रहा है। साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक सेक्शन की लंबाई लगभग 13 किमी है। इस सेक्शन में आनंद विहार और न्यू अशोक नगर दो आरआरटीएस स्टेशन हैं। इस सेक्शन के संचालित होने पर यात्रियों के लिए नमो भारत ट्रेन न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक उपलब्ध हो जाएगी। यात्री 40 मिनट से भी कम समय में न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक आ सकेंगे। ओएचई का काम तेजी से चल रहा है, जो ब्रह्मपुरी तक अपने आखिरी चरण में पहुंच गया है।