मेरठ 01 अगस्त (प्र)। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के नाम पर बीवीजी इंडिया लि. घोटाला करने से बाज नहीं आ रही एक बार फिर उक्त कंपनी द्वारा यूजर चार्ज अधिक वसूलकर किया जा रहा घोटाला पकड़ा गया। यह घोटाला स्वयं नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने पकड़ा। उन्होंने पाया कि उक्त कंपनी के सुपरवाइजर ने निर्धारित अधिकतम 80 रुपये के स्थान पर दो सौ रुपये ऑन लाइन वसूले।
नगरायुक्त ने बीवीजी के अधिकारियों को उक्त कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए है। वार्ड 32 में नगरायुक्त को निरीक्षण में अधिकांश स्थाई सफाईकर्मी व स्वच्छता मित्र ड्यूटी से नदारद मिले और सड़क व नालियों में जगह-जगह गंदगी मिली।
उल्लेखनीय है कि महानगर के 73 वार्डो में नगर निगम ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए बीवीजी इंडिया लि. को ठेके दे रखा है। इसकी एवेज में कंपनी को शत प्रतिशत घरों, दुकानों, कारखानों, आफिस, स्कूल कालेज शिक्षण संस्थान, अस्पतालों, होटल रेस्टोरेंट आदि व्यापारिक प्रतिष्ठानों से यूजर चार्ज वसूलने की जिम्मेदारी भी दे रखी है। दलित, मलिन बस्तियों में 30 प्रति घर तथा अन्य क्षेत्रों में अधिकतम 80 रुपये यूजर चार्ज वसूली का अनुबंध किया हुआ है। उक्त कंपनी पर पूर्व खड़ी गाड़ियों के नाम पर डीजल खर्च दर्शाकर नगर निगम को चूना लगाने और लोगों से अनाप शनाप यूजर चार्ज वसूली के आरोप लगाते हुए पार्षदों ने कई बार हंगामा किया।
अनियमितता मिलने पर नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने उक्त कंपनी का अनुबंध निलंबित कर दिया था और उसका अनुबंध निरस्त करने का मन बना लिया था, लेकिन एक जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद उक्त कंपनी को तीन माह के लिए विभिन्न शर्तों के साथ पुनः कूड़ा कलेक्शन की अनुमति दी गई थी, लेकिन उक्त कंपनी घोटाला करने से बाज नहीं आ रही।
इससे नगर निगम को न सिर्फ चूना लग रहा है, बल्कि निगम की साख पर भी बट्टा लग रहा है। गुरुवार को नगरायुक्त ने स्वयं उक्त कंपनी का घोटाला पकड़ा। नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने गुरुवार को वार्ड 32 सिविल लाइन क्षेत्र में निरीक्षण किया। वहां सड़क और नालियों में जगह-जगह गंदगी नजर आई। ज्यादातर स्थाई सफाई कर्मचारी और आउटसोर्सिग स्वच्छता मित्र अनुपस्थित मिले। नगरायुक्त ने सफाई एवं खाद्य निरीक्षक प्रवेश कुमार व सफाई नायक स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश अपर नगरायुक्त लवी त्रिपाठी को दिए। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली बीवीजी कंपनी की शिकायतें नगरायुक्त से की।
लोगों ने बताया कि उक्त कंपनी का सुपरवाइजर निर्धारित 80 रुपये के स्थान पर उनसे 200 रुपये ऑन लाइन ले रहा है। यह सुनकर नगरायुक्त चौक गए। लोगों ने यह भी शिकायत की कि रोजाना कूड़ा कलेक्शन के लिए गाड़ी नहीं आती। गाड़ी आने का कोई समय निर्धारित नहीं है। गाड़ी ढक्कन बंद करके जल्दी से निकल जाती है। नगरायुक्त ने अपर नगरायुक्त लवी त्रिपाठी व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर सिंह को आज ही नोटिस जारी कर कूड़ा उठाने की व्यवस्था में सुधार करने तथा निर्धारित से अधिक यूजर चार्ज वसूलने वाले बीवीजी इंडिया लि. के कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।