मेरठ 24 नवंबर (प्र)। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में रविवार को संविधान संवाद एवं सम्मान समारोह-25 का आयोजन किया गया। समारोह में संविधान ज्ञान एवं चित्रकला ड्राइंग पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित 478 विद्यार्थियों को समारोह में सम्मानित किया गया। साथ ही 11 विभूतियों को संविधान गौरव रत्न से भी सम्मानित किया। मुख्य अतिथि एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि संविधान से हमें एक समानता का अधिकार मिला है। साथ ही संविधान ने ही नारी शक्ति को समानता का अधिकार प्रदान किया है।
विश्वविद्यालय में भारतीय संविधान सेवक संघ एवं कांशीराम शोधपीठ संस्थान की ओर से संविधान दिवस के उपलक्ष्य में संविधान संवाद एवं सम्मान समारोह-25 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, मुख्य वक्ता सूचना आयुक्त उप्र राजेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश उमरिया मध्य प्रदेश विवेक कुमार गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा अवनीश त्यागी, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड मेरठ एमसी शर्मा, राष्ट्रीय सामाजिक कार्यकर्ता अमिता शर्मा एवं निदेशक कांशीराम शोधपीठ संस्थान प्रो. दिनेश कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पिछले तीन महीने में विभिन्न स्कूल-कालेजों में करीब 18 हजार से अधिक विद्यार्थियों के बीच संस्था की ओर से संविधान ज्ञान एवं चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने संविधान ज्ञान एवं चित्रकला ड्राइंग पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित 478 विद्यार्थियों को समारोह में सम्मानित किया गया। साथ ही सामाजिक, शिक्षा एवं क्रिकेट समेत विभिन्न क्षेत्र में कार्य कर रही 11 विभूतियों पुष्पा रावत, शालू सिंह, अशोक कुमार, आरती श्रीवास्वत, आचार्य विकास, डा. शिवपाल सिंह, अरूणा कश्यप, अतहर अली, सैयद जमानत अली, सौरभ शर्मा व डा. सरिता चौहान को संविधान गौरव रत्न -25 सम्मान से सम्मानित किया। मुख्य वक्ता सूचना आयुक्त राजेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान में विधायिका, कार्यपालिका एवं न्यायपालिका को पूर्ण रूप से अपने अपने क्षेत्र में कार्य करने की स्वतंत्रता दी गई है। हमारा संविधान सर्वश्रेष्ठ लिखित एवं अनूठा है। संविधान में प्रदत्त अधिकार से ही बेटियां आगे बढ़ रही हैं। युवा ही देश का भविष्य है, जो संविधान को जानेगा तभी देश का भविष्य अच्छा होगा।
प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने कहा कि संस्था द्वारा संविधान के प्रति चलाई जा रही जन जागरूकता की लौ समाज में लगातार प्रकाश फैला रही है। बच्चे व युवा लगातार भाग लेकर संस्था के कार्यों से जुड़ रहे है। जिला न्यायाधीश विवेक गुप्ता ने कहा भारतीय संविधान में उल्लिखित अनुच्छेद हमें अधिकारों के साथ साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। हमें अपने कर्तव्य का पालन भी करना चाहिए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार एडवोकेट व सलाहकार संजय कुमार शर्मा, डा. चरण सिंह लिसाड़ी व डा. मनोज जाटव मौजूद रहे।
