मेरठ/मोदीनगर 21 जनवरी (प्र)। मोदीनगर में संजयपुरी कॉलोनी में सोमवार देर रात रील बनाने के चक्कर में पत्नी के भोजन न बनाने पर दंपति में विवाद हो गया। इस दौरान पत्नी ने दांतों से पति की जीभ काट डाली। परिजनों के मुताबिक आरोपी पहले भी गाली-गलौज और मारपीट करती थी। सास की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
संजयपुरी कॉलोनी निवासी विपिन एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। उनकी शादी छह माह पहले मेरठ के मलियाना फाटक निवासी ईशा से हुई थी। विपिन की मां गीता का आरोप है कि बहू शराब-सिगरेट पीने की आदी थी और सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। विपिन इन आदतों का विरोध करता था, जिसे लेकर ईशा उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करती थी। सोमवार को ईशा ने कई वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाले थे। रील के चक्कर में ईशा ने भोजन नहीं बनाया था। शाम को विपिन ड्यूटी से घर पहुंचा और भोजन मांगा तो विवाद हो गया।
विपिन ने ईशा को थप्पड़ मार दिया। गीता के मुताबिक उन्होंने भोजन बाहर से मंगवाकर विवाद समाप्त करा दिया। इसके बाद बहू-बेटा कमरे में सोने चले गए। बताया जा रहा है भोजन बनाने को लेकर फिर से विवाद हो गया। ईशा ने दांतों से विपिन की जीभ काटकर अलग कर दी।
परिजनों के मुताबिक पति की जीभ काटने के बाद ईशा अपने मकान की छत पर पहुंच गई और गेट बंद कर दिया। इसके बाद उसने फोन कर परिजनों को बुला लिया। आरोप है परिजनों ने आते ही विपिन की मां के साथ मारपीट कर दी। कॉलोनी की महिलाओं ने ईशा और उसके परिजनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सोशल मीडिया पर हंगामे का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मंगलवार सुबह 11 बजे घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ईशा को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
गीता का कहना है जीभ कटने के बाद विपिन लहूलुहान हालत में दूसरे कमरे में पहुंचा। उसकी हालत देख उसने शोर मचाया। इसके बाद पड़ोसी पहुंचे। पड़ोसियों और परिजनों ने विपिन को अस्पताल में भर्ती कराया,लेकिन हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस हिरासत में ईशा ने आरोप लगाया पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। भोजन में हमेशा खामियां निकालता था। सोमवार को भी विपिन ने भोजन को लेकर मारपीट की थी।
एसीपी अमित सक्सेना का कहना है कि विपिन की मां गीता देवी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। भोजन बनाने को लेकर हुए विवाद में उसने वारदात को अंजाम दिया। कार्रवाई की जा रही है।
