Tuesday, February 10

यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 04 फरवरी (प्र)। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राजेश कुमार ने जिले के 98 परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। बैठक में अनुपस्थित रहे कुछ केंद्र व्यवस्थापकों को लेकर डीआईओएस ने नाराजगी जताई और उन्हें स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।

डीआईओएस राजेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सशस्त्र पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। प्रश्नपत्रों को केंद्रों पर पहुंचाने से कम से कम तीन दिन पहले स्ट्रांग रूम स्थापित किया जाएगा, जो प्रधानाचार्य के कक्ष से अलग होगा। स्ट्रांग रूम में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरा चालू रहेगा और डीवीआर की रिकॉर्डिंग क्षमता कम से कम 30 दिन की अनिवार्य होगी। इसके साथ ही, पूरी परीक्षा अवधि की रिकॉर्डिंग कम से कम छह माह तक सुरक्षित रखी जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कम से कम 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक और स्टाफ वा विद्यालयों से नियुक्त किए जाएंगे। परीक्षा में विषय संबंधित अध्यापकों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी, हालांकि कुछ कक्षों में स्वकेंद्र प्राप्त छात्राओं के मिश्रित बैठने की स्थिति में यह व्यवस्था लागू होगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि बालिका परीक्षार्थियों की तलाशी महिला अध्यापकों द्वारा और बालक परीक्षार्थियों की तलाशी पुरुष अध्यापकों द्वारा ही ली जाएगी। इस व्यवस्था से परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और अनुशासन दोनों सुनिश्चित होंगे। बैठक में सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पारुल वर्मा और कृष्ण कुमार, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उपेंद्र सिंह, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, परीक्षितगढ़ के प्रधानाचार्य पूनम चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। और सभी अधिकारी पूरी तैयारी के साथ परीक्षा संचालन सुनिश्चित करें।

Share.

About Author

Leave A Reply