मेरठ 04 फरवरी (दैनिक केसर खुशबू टाइम्स)। बागपत के सांसद डा0 राजकुमार सांगवान तथा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज्यसभा सदस्य डा0 लक्ष्मीकांत वाजपेयी आदि के समान मेरठ हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद अरूण गोविल भी केन्द्रीय मंत्रियों यूपी के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आदि से मिलकर जनपद में कई योजनाएं लाने और कुछ पर काम शुरू कराने का प्रयास कर रहे है। इन पर काम कब शुरू होगा यह तो कोई अभी कुछ नहीं कह सकता। मगर माननीय सांसद जी जो प्रयास आप कर रहे है जनहित में वो अच्छे है लेकिन आदरणीय देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की बात मानकर मतदाताओं ने जो आपको वोट दिया था तब यह आशा थी कि आपका नाम सर्वमान्य है। तो आप काम भी इसी दृष्टिकोण से जनहित करेंगे और करायेंगे। लेकिन जितना नजर आता है और आम आदमी कह रहा है उसके अनुसार उसके सामने जो समस्याऐं गंदगी टूटी सड़कों आदि की आ रही है उसका कोई समाधान निकलता नजर नहीं आ रहा है। जगह जगह शहर में कूड़े के ढेर लगे है और नाले नाली गंदगी से परिपूर्ण है इतना ही नहीं शहर को लिंक मार्ग से जोड़ने वाले चाहे वो हापुड़ रोड हो या गढ़ रोड अथवा लावड़ रोड या और ज्यादातर के किनारे जानवरों के गोबर और कूड़े के ढेर से युक्त है और उनसे उठती बदबू आंगतुकों का स्वागत करती है और कितने ही ऐसे इलाके जहां झाडू भी नहीं लगती। सांसद अरूण गोविल साहब कुछ क्षेत्र तो ऐसे है जहां सड़क के नाम पर गड्ढे ही गड्ढे है। और इनमें भी आपको सबसे ज्यादा मत देकर लोकसभा में भेजने वाले छावनी क्षेत्र और शहर विधानसभा आदि की हालत बहुत खस्ता है। दो चार पांच वीआईपी इलाकों को अगर छोड़ दे तो टूटी सड़के और गंदगी के अंबार ही नजर आते हैं।
कैन्ट बोर्ड ऑफिस से सदर घंटाघर तक जहां हनुमान जी और शिवजी के दो प्रमुख मंदिर है उन धार्मिक स्थलों के आसपास की सड़के भी पूरी तरह टूटी हैं। आप सब जगह नहीं जा सकते लेकिन हर क्षेत्र में सक्रिय भाजपा के कार्यकर्ताओं का आहवान कर उनसे इनके इलाकों की कूड़ा गंदगी टूटी सड़के व अन्य समस्याओं के बारे में जानकारियां प्राप्त कर मेरठ हापुड़ लोकसभा क्षेत्र में रहने वाले अपने से सीनियर पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल डा0 लक्ष्मीकांत वाजपेयी जी तथा विधायक अमित अग्रवाल सहित सभी विधायकों विधानपरिषद सदस्यों पार्टी के पदाधिकारियों आदि की बैठक बुलाकर इस समस्या का समाधान ढूंढ सकते हैं। इससे आप कहीं आने जाने की समस्या से भी बच जाएंगे और सदर के चूड़ी मौहल्ला और शहर के इलाकों सहित पूर्ण जानकारी आपके क्षेत्र में आने वाली विधानसभाओं के अंर्तगत आने वाली परेशानियां आपको पता चल जाएंगी और नागरिक भी खुश होगें और 2027 में यूपी विधानसभा और 2029 में लोकसभा चुनाव में आप पीएम के आहवान पर भाजपा को जिताने के लिए मतदाताओं का रूझान भी बनाये रख सकते है। मगर जो भी हो एक बार या तो खुद अपने लोकसभा क्षेत्र के गली मौहल्लों का भ्रमण कर ले या कार्यकर्ताओं से करा लें जो भी हो आपको भी क्षेत्र की जानकारी पूर्ण रूप से हो सकती है। इससे भविष्य में चाहे आप लड़े या कोई और उसे मतदाताओं के ऐसे सवालों का सामना भी नहीं करना पड़ेगा कि पांच साल तक कहां थे। मुख्यमंत्री जी की योजना गड्ढ़ा मुक्त सड़क अभियान के बाद भी आपने मार्गों को गड्ढ़ा मुक्त क्यों नहीं कराया और प्रदूषण से युक्त परेशान नागरिकों को गंदगी से छुटकारा दिलाने के लिए क्या किया।
