मेरठ 05 फरवरी (प्र)। सरूरपुर क्षेत्र के किसानों और विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। सरूरपुर स्थित संजय गांधी पीजी (एसजीपीजी) कॉलेज में जल्द एक अत्याधुनिक स्वचालित मौसम केंद्र की स्थापना होने जा रही है। इसके लिए कॉलेज और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम ) पुणे के बीच एक ऐतिहासिक समझौता (एमओयू) हुआ है।
इस केंद्र की स्थापना से सरूरपुर ब्लॉक और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मौसम की सटीक जानकारी मिल सकेगी। केंद्र के माध्यम से मौसम संबंधित आंकड़ों का वैज्ञानिक रिकॉर्ड रखा जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि स्थानीय स्तर पर मिलने वाले इन सटीक पूर्वानुमानों से किसानों को बुवाई, सिंचाई और कटाई जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
वहीं बेमौसम बारिश या ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए समय रहते सतर्कता बरती जा सकेगी। कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर रमेन्द्र कुमार गुप्ता ने आईआईटीएम पुणे के वैज्ञानिक नितिग सिंह की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
प्राचार्य ने खुशी जताते हुए कहा कि यह केंद्र न केवल शोध कार्यों को नई दिशा देगा, बल्कि कॉलेज के विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान का सुनहरा अवसर भी प्रदान करेगा। समझौते के दौरान दोनों संस्थानों ने भविष्य में संयुक्त शोध परियोजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कार्यशालाओं के आयोजन पर भी सहमति जताई है। इस अवसर पर कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षक प्रो. प्रवीण कुमार, सचिन कुमार, डॉ. विशाल चौधरी मौजूद रहे।
