Monday, March 16

बेगमपुल पर मेट्रो स्टेशन के बाहर भरा बरसात का पानी

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 16 मार्च (प्र)। रविवार की सुबह हुई बरसात ने दुश्वारियां बढ़ा दी। कई स्थानों पर सड़कों पर जल भराव रहा तो कहीं निर्माणाधीन सीएम ग्रिड योजना की सड़कों पर लगे मिट्टी के ढेर से हुए कीचड़ ने परेशानी बढ़ा दी। गीली मिट्टी फैलने से फिसलन पैदा हो गई। इससे बाइक स्कूटी सवार बच-बच के निकलते रहे।

बेगमपुल नमो भारत और मेट्रो स्टेशन है। इसके बाहर नई सड़क बनी है। सड़क कहीं ऊंची है तो कहीं नीची है। नीचे वाले हिस्से में जल भराव की स्थिति बनीं। समस्या है कि सड़क पर पानी भरने के बाद उसकी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। स्टेशन और सड़क के बीच में कहीं जलनिकासी की नाली नहीं है। पानी सड़क पर किस तरफ बहेगा। इसका भी ध्यान नहीं रखा गया। जीरो माइल चौराहे तक यही स्थिति है। आगे बरसात के मौसम में ये बड़ी समस्या बनेगी। उधर, हापुड़ रोड पर शंभूदास गेट के सामने इस्लामाबाद की जल निकासी के लिए पाइप लाइन डालने के लिए खोदाई की गई थी। इससे निकली मिट्टी का ढेर सड़क किनारे लगा दिया गया था, बरसात में मिट्टी बहकर सड़क तक आ गई। इससे फिसलन की स्थिति रही। दुर्घटना का खतरा बना रहा।

गढ़ रोड पर गांधी आश्रम से लेकर तेजगढ़ी चौराहे तक और बच्चा पार्क चौराहे से लेकर कचहरी तक निर्माणाधीन सीएम ग्रिड की सड़क पर मलवा, मिट्टी पड़े होने से कीचड़ की स्थिति बनीं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स से लेकर शीतल होटल तक सुबह दिल्ली रोड नाला उफन गया। इससे मुहल्लों की जलनिकासी प्रभावित हुई। मोहकमपुर से विश्व एंक्लेव कालोनी को जाने वाली सड़क पर जरा सी बरसात जलभराव हो गया। इस सड़क के निर्माण के लिए नगर निगम ने अगस्त में प्रस्ताव तैयार कर लिया था, लेकिन 15 वें वित्त आयोग समिति की बैठक न होने से प्रस्ताव पास नहीं हुआ। बरसात का मौसम दो महीने आ जाएगा। बैठक यदि इस महीने हो भी गई तो क्या बरसात के मौसम से पहले यह सड़क बन पाएगी। बागपत रोड, भोला रोड पर भी टूटी सड़क के कारण जल जमाव की स्थित रही। जसवंत राय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पास सड़क किनारे नाले का निर्माण चल रहा है। इसके लिए नाले की खोदाई करके सड़क पर ही सिल्ट छोड़ दी गई है। बरसात से पहले यह हटाई न गई। जिससे सड़क पर फैल रही है। सिल्ट वाले हिस्से पर आवागमन प्रभावित रहा।

निर्माणाधीन सड़कों से मलबा -मिट्टी हटाने का निर्देश
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने ठेकेदारों को गढ़ रोड और बच्चा पार्क चौराहे से निर्माणाधीन सीएम ग्रिड की सड़क पर फुटपाथ और डिवाइडर का काम 21 मार्च तक पूरा करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही ठेकेदारों को निर्माण की जरूरत के अलावा अतिरिक्त मिट्टी, मलवा हटाने का निर्देश दिया है। गांधी आश्रम से तेजगढ़ी चौराहे तक डिवाइडर पर गोबर की खाद डालकर पौधे लगाने का काम शुरू करने के लिए कहा है।

Share.

About Author

Leave A Reply