मेरठ 16 मार्च (प्र)। ट्रांसपोर्ट नगर में शेखो पेट्रोल पंप के पीछे मंदिर के सामने वाली गली में जलभराव की समस्या से लोगों को शीघ्र निजात मिलेगी। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ ने इस समस्या की कई बार नगर निगम में शिकायत की। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ के अध्यक्ष गौरव शर्मा व संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री दलजीत सिंह ने सांसद के समक्ष यह समस्या उठाई थी। सांसद ने नगर निगम के अधिकारियों से बात कर सड़क बनवाने को कहा था। रविवार को नगर निगम की टीम ने सड़क निर्माण के लिए कवायद शुरू कर दी सड़क की नाप जोख की गई।
ट्रांसपोर्ट नगर में शेखो पेट्रोल पंप के पीछे मंदिर के सामने वाली सड़क पर काफी समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। पानी भरने वहां से गुजरने वालों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ट्रांसपोर्ट का सामना करना पड़ रहा था। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष गौरव शर्मा के साथ नगर निगम में कई बार शिकायत की। कोई कार्रवाई नहीं होने पर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री दलजीत सिंह के साथ सांसद अरुण गोविल के समक्ष समस्या उठाई। उन्हें लोगों की पीढ़ा से अवगत कराया।
सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत नगर निगम अधिकारियों से बात की। इसके बाद नगर निगम की टीम ट्रांसपोर्ट नगर पहुंची और संबंधित सड़क की नपाई कराई गई। साथ ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू करा दी गई है, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
ट्रांसपोर्टर और वहां के व्यापारियों ने सांसद अरुण गोविल और संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री दलजीत सिंह का आभार व्यक्त किया। मौके पर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ के संगठन मंत्री अंकुर प्रजापति ने सड़क की नपाई कराई। इस दौरान दीपक गांधी, योगेंद्र सिंह चाहर, रोहित कपूर, अनीश चौधरी, अतुल शर्मा, अंबर गोयल, नीरज मुल्तानी, बबलू, नितिन और अमरीश सहित कई पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।
