मेरठ, 16 मार्च (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। व्यापारी समाज और वैश्य समाज में सक्रिय भूमिका निभाने वाले भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा को अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर मेरठ में उनका सम्मान किया गया। शास्त्री नगर नई सड़क स्थित उनके कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों और श्याम परिवार के सदस्यों ने उन्हें शाल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर बधाई दी। सम्मान के लिए आभार जताते हुए विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि समाज का यह स्नेह और विश्वास उनके लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत धुरी है और वैश्य समाज हमेशा राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता आया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी समाज और व्यापारी हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। इस मौके पर सेक्टर-2 व्यापार संघ, शास्त्री नगर के अध्यक्ष मनोज गुप्ता, वैश्य समाज के महामंत्री अमित गुप्ता, पूर्व पार्षद नरेंद्र, तथा राष्ट्रवादी वैश्य समाज के वरिष्ठ नेता संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु और श्याम परिवार के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने विनीत अग्रवाल शारदा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
विनीत शारदा का अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सम्मान
Share.
