Friday, April 3

बीएसएफ के हत्यारों तक पहुंची पुलिस, मौसेरा भाई ही निकला कातिल

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 03 अप्रैल (प्र)। इंचौली थाना क्षेत्र के गांव धनपुर में बीएसएफ के जवान की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस असली कातिलों तक पहुंच गई है। पुलिस ने मौसेरे भाई को हिरासत में लेकर लगभग वारदात का खुलासा कर दिया है। मौसेरे भाई ने पुरानी रंजिश में अपने साथियों के साथ मिलकर बीएसएफ के जवान की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस शुक्रवार को विधिवत हत्याकांड का खुलासा करेगी।

मौसेरा भाई निकला कातिल
बीएसएफ के जवान नैनसिंह की हत्या में पुलिस की जांच कई बिंदुओं पर चल रही थी। इनमें बिंदुओं में पहला पड़ोसी महेश से जमीनी रंजिश, दूसरा ससुराल पक्ष से चल रहा विवाद, तीसरा नैनसिंह को अक्सर खाना देने वाली पड़ोस की महिला तथा चौथा परिवार के अंदर और पांचवां परिवार से संबद्ध नाते-रिश्तेदार शामिल रहे। पुलिस जांच पड़ताल में पता चला कि लगभग चार साल पहले ससुरालियों से विवाद के बीच अपनी पत्नी कोमल को लेकर ससुराल फाजलपुर गया था। तब उसके साथ उसका मौसेरा भाई गुलशन निवासी गांव पाली, थाना सरधना भी फाजलपुर गया था। तब गुलशन ने नैनसिंह की पत्नी कोमल का पक्ष लिया था। इसको लेकर नैनसिंह और गुलशन के परिवारों के बीच बोलचाल बंद हो गई थी। बोलचाल बंद होने के कारण नैनसिंह 2024 में गुलशन की बहन की शादी में भी शामिल नहीं हुआ था। जांच पड़ताल में सामने आया गुलशन को शक था कि नैनसिंह उसकी मंगेतर पर गलत नजर रखता है। इसलिए गुलशन ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीएसएफ के जवान नैनसिंह की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने नैनसिंह और उसके दोस्तों को हिरासत में ले लिया है। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि बीएसएफ के जवान नैनसिंह की हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं जिनके आधार पर पुलिस अभियुक्तों तक पहुंची है। शुक्रवार को हत्याकांड का विधिवत खुलासा किया जाएगा।

बीएसएफ के जवान की हत्या का मामला
इंचौली थाना क्षेत्र के गांव धनपुर में 28 मार्च की दोपहर में बीएसएफ के जवान नैनसिंह का गोली लगा शव घर में मिला था। नैनसिंह की दायी कनपटी पर गोली मारी गई थी। पुलिस को जांच पड़ताल में घटनास्थल से 315 बोर का एक खोखा कारतूस बरामद हुआ था। मृतक के पिता गरीबदास जाटव ने थाने पर अपने पड़ोसी महेश और उसके तीन पुत्रों रोहित उर्फ प्रेमसिंह, नीशू उर्फ अभिषेक व शुभम तथा विकास पुत्र तेजपाल के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस तब से ही चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मंगलवार को परिजनों ने एसएसपी अविनाश पांडेय से मिलकर हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की थी। एसएसपी ने घटना का सही खुलासा कर असली अभियुक्तों को जेल भेजने का आश्वासन दिया था। उसी दिन एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने भी गांव में पहुंचकर जांच पड़ताल की थी।

Share.

About Author

Leave A Reply