Thursday, April 23

417 करोड़ रुपये की लागत से छावनी में बन रहा भव्य आधुनिक सैन्य अस्पताल, अगले वर्ष तक होगा तैयार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 03 अप्रैल (प्र)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सैन्य कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके स्वजन के लिए सुखद खबर है। मेरठ छावनी में 417 करोड़ रुपये की लागत से नया और अत्याधुनिक मिलिट्री अस्पताल आकार ले रहा है। मेजर रणबीर चौक से भगत चौक को जाने वाले रास्ते के दोनों तरफ 67 एकड़ में यह मेगा प्रोजेक्ट बन रहा है। इसके पूरा होने से न केवल पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त होंगी, बल्कि दिल्ली कैंट स्थित सेना के रिसर्च एंड रेफरल (आरआर) अस्पताल पर पड़ने वाला मरीजों का दबाव भी कम होगा। इसके लिए 10 वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे। दिसंबर 2023 में इसे प्रशासनिक मंजूरी मिली थी। धनराशि जारी होने के बाद मई 2024 से इसका निर्माण कार्य शुरू है। उम्मीद है कि वर्ष 2027 के मध्य तक यह बनकर तैयार हो जाएगा। आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) का तीन अप्रैल को स्थापना दिवस है।

एक ही छत के नीचे पांच मंजिला इमारत में होंगे सभी विभाग : वर्तमान मिलिट्री अस्पताल की क्षमता 545 बेड की है. जबकि नए अस्पताल को 595 ब्रेड की क्षमता के साथ तैयार किया जा रहा है। नया अस्पताल का भवन पांच मंजिला होगा। इसमें बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसमें आर्थोपेडिक्स (हड्डी रोग), कार्डियोलाजी (हृदय (रोग) और गैस्ट्रोएंटेरोलाजी (पेट व पाचन रोग ) के विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात होंगे।

स्टाफ के लिए बनेंगे आधुनिक आवास: अस्पताल परिसर में ही स्टाफ के रहने की भी व्यवस्था की जा रही है। यहां एक नया आफिसर्स मेस बनाया जाएगा। इसके अलावा नर्सिंग अधिकारियों और जवानों के लिए भी अलग-अलग आधुनिक आवास का निर्माण किया जा रहा है।

प्रमुख विशेषताएं और सुविधाएं
अत्याधुनिक संसाधन

मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में नौ लिफ्ट, 10 अत्याधुनिक माड्यूलर आपरेशन थिएटर और आधुनिक सीवरेज सिस्टम होगा।
पर्यावरण और पार्किंग
एक बड़ा और सुव्यवस्थित पार्किंग एरिया बनाया जा रहा है। साथ ही परिसर को हरा-भरा रखने के लिए’ आर्बोरीकल्चर’ पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नया डेंटल सेंटर
इसी परिसर में एक नया और आधुनिक डेंटल सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। इसकी स्वीकृति की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होगी।

ट्रैफिक होगा डायवर्ट, बदलेगी यातायात व्यवस्था
इस प्रोजेक्ट और सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय यातायात में भी बदलाव किए जाएंगे। वर्तमान में रजबन से भगत चौक जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया जाएगा। आम लोगों के लिए अलग रास्ता आबू नाले से सटाकर तैयार किया जा रहा है। भगत चौक से दक्षिण की ओर सीधे आबू नाले की पटरी मार्ग पर पहुंचकर लाल क्वार्टर (शिवाजी कालोनी) पर पहुंचा जा सकेगा। वहीं रजबन क्षेत्र से कैंट अस्पताल जाने वाला सीधा रास्ता मेजर रणबीर चौक के पास से बंद हो जाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply