Monday, April 6

30 करोड़ से पक्का होगा दिल्ली रोड नाला, लोगों को मिलेगी जल भराव से निजात

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 06 अप्रैल (प्र)। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के तहत दिल्ली रोड नाले के चार किमी हिस्से को प्री- कास्ट तकनीक से पक्का किया जाएगा। इस पर 30 करोड़ लागत आएगी। जिसमें से शासन ने पहली किस्त 11.53 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। धनराशि मिलने के साथ नगर निगम के निर्माण अनुभाग ने टेंडर निकालने की तैयारी शुरू कर दी है।

नगर आयुक्त का दावा है कि एक सप्ताह में टेंडर जारी हो जाएगा। यदि मानक पर निविदाएं आ गई तो नाले का निर्माण मानसून की दस्तक से पहले पूरा करने की कोशिश रहेगी बता दें कि दो लाख से अधिक आबादी की जलनिकासी इसी नाले पर निर्भर है।

दिल्ली रोड नाला ट्रांसपोर्ट नगर मोड़ ( ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन) से लेकर रिठानी चंद्रोदेवी द्वार तक पक्का किया जाएगा। इसकी करीब 4000 मीटर लंबाई है। नाला औसतन तीन मीटर चौड़ा और चार मीटर गहरा है। नगर निगम ने करीब छह महीने पहले इस नाले को प्री-कास्ट तकनीक से बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा था, जिसे शासन से वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। प्री-कास्ट तकनीक में चयनित एजेंसी नाले की चौड़ाई के आकार के स्लैब अपने डिपो में तैयार करेगी। प्री-कास्ट तकनीक के तहत पहले से तैयार स्लैब को जोड़कर नाला तैयार किया जाएगा। इससे निर्माण में कम समय लगेगा। आवागमन भी प्रभावित नहीं होगा। चयनित एजेंसी पहले नाले की सिल्ट बाहर निकालेगी। इसके बाद स्लैब जोड़ने का काम होगा। निगम अधिकारियों ने बताया कि 60 प्रतिशत नाला ढका जाएगा और 40 प्रतिशत सफाई के लिए बीच-बीच में खुला रहेगा।

कई मुहल्लों को मिलेगी राहत
दिल्ली रोड नाला पक्का किए जाने से पहले इसकी तलीझाड़ सफाई की जाएगी। इसमें जमी वर्षों की सिल्ट हटेगी। जिससे नाले का जलप्रवाह सुधरेगा। इससे स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, मोहकमपुर, माधवपुरम सहित आसपास के कई मुहल्लों को जलभराव से राहत मिलेगी। फिलहाल नाला जरा सी वरसात में ओवरफ्लो हो जाता है। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स की औद्योगिक इकाइयों में अंदर तक पानी भर जाता है। लंबे समय से नाले के निर्माण की मांग की जा रही थी।

नगर आयुक्त सौरभ गंगवार का कहना है कि ओडियन नाले के बाद दिल्ली रोड नाले को पक्का करने के लिए पहली किस्त जारी हो गई है। शासन से धनराशि मिलने के बाद निर्माण अनुभाग को टेंडर निकालने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है। कोशिश रहेगी कि यह नाला मानसून से पहले बना दिया जाए ताकि बरसात में होने वाली परेशानी से निजात मिल सके।

Share.

About Author

Leave A Reply