मेरठ 18 अप्रैल (प्र)। अवैध किडनी ट्रांसप्लांट कांड के आरोपित डा. अफजाल ने कानपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अमित और डा. वैभव मुद्गल की तलाश को कानपुर पुलिस ने मेरठ पुलिस की मदद मांगी है। ताकि उक्त दोनों आरोपिताें को भी पकड़ा जा सकें।
कानपुर के अवैध किडनी ट्रांसप्लांट कांड में लिसाड़ीगेट थाने के श्यामनगर निवासी डा. अफजाल, मंगल पांडेय नगर स्थित अल्फा अस्पताल के संचालक अमित कुमार निवासी मुजफ्फरनगर और नई सड़क शास्त्रीनगर निवासी डेंटल सर्जन वैभव मुद्गल का नाम उजागर हुआ था।
तीनों की धरपकड़ को कानपुर पुलिस की टीम एक सप्ताह तक मेरठ में डेरा डाले हुए थे। पुलिस की दबिश के दौरान तीनों ही आरोपित अपने मोबाइल नंबर बंद कर फरार हाे गए थे। इसी बीच अफजाल के साथी परवेज सैफी को पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था।
परवेज सैफी ही कानपुर के आहूजा अस्पताल में मरीजों को ले जाने का काम करता था। परवेज के मोबाइल से डा. अफजाल के साथ एक वीडियो मिली है। उक्त वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो गई। वीडियो में बेड पर नोटों की गड्डी डालकर अफजाल लेटा हुआ था।
पुलिस ने माना था कि वीडियो में दिखाई गई रकम अवैध किडनी ट्रांसप्लांट कर वसूली गई है। गुरुवार को डा. अफजल ने कानपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने कस्टडी में लेकर अफजल को जेल भेज दिया। उसके दोनों साथी अमित और वैभव मुद्गल के बारे में जानकारी की गई। उसके बाद दोनों की धरपकड़ को मेरठ पुलिस से मदद मांगी गई है। ताकि पुलिस दोनों को पकड़कर कानपुर पुलिस को सौंप दें।
