मेरठ 21 मार्च (प्र)। लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज में महिला और बच्चों के उपचार की सुविधाओं में बेहतर होंगी। साथ ही मेडिकल छात्रों के लिए पठन-पाठन की सुविधाएं भी बढ़ेंगी। शासन ने मेडिकल कालेज के दो प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति दे दी है, जिसके तहत मेडिकल परिसर में 100 बेड का एमसीएच (मैटेरनल एंड चाइल्ड) ब्लाक और नया एकेडमिक भवन बनाया जाएगा।
लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में महिला और बच्चों के उपचार के लिए पुराने अस्पताल में सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन बढ़ती मरीजों की संख्या के कारण ये अपर्याप्त पड़ रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए नया एमसीएच ब्लाक बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने पांच मंजिला भवन के निर्माण की स्वीकृति दे दी है, जिसकी लागत 34.8 करोड़ रुपये होगी। इसमें गायनी और पीडियाट्रिक विभागों का संचालन होगा।
एनआइसीयू और पीआइसीयू, जो वर्तमान में पुराने अस्पताल में हैं, उन्हें नए एमसीएच ब्लाक में स्थानांतरित किया जाएगा। यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त लेबर रूम का संचालन होगा, जिससे गंभीर रूप से बीमार महिलाओं, गर्भवती और नवजात शिशु से लेकर बड़े बच्चों का उपचार बेहतर होगा।
तीन विभाग नए भवन में होंगे संचालित
नए एकेडमिक भवन के निर्माण से मेडिकल कालेज में छात्रों के लिए बायोकेमेस्ट्री, फोरेंसिक मेडिसिन और कम्युनिटी मेडिसिन विभागों की सुविधाएं भी बढ़ेगी। ये विभाग पुराने भवन में संचालित हैं, लेकिन जगह कम होने से परेशानी होती है। नए एकेडमिक भवन के निर्माण में 26 करोड़ लागत आएगी।
127 नर्सों की नई नियुक्ति
मेडिकल कालेज को 127 नर्सिंग स्टाफ की नई नियुक्तियां भी मिली हैं। रविवार को एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लखनऊ से नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि मेडिकल कालेज में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र देंगे। अभी मेडिकल कालेज में 207 नर्सिंग स्टाफ तैनात है, नई नियुक्तियों के बाद संख्या 334 हो जाएगी।
