मेरठ 21 मार्च (प्र)। खैरनगर, जिमखाना, थापरनगर सहित आसपास के क्षेत्र में जलभराव की वजह रही बच्चा पार्क चौराहे पर नाले की भूमिगत जलनिकासी की बाधा दूर होगी। यह उम्मीद शुक्रवार को नगर आयुक्त और मेडा उपाध्यक्ष के संयुक्त निरीक्षण के बाद जगी है। इसके अलावा गंगानगर पेडेस्ट्रियन स्ट्रीट की दीवार के पीछे कसेरूखेड़ा नाले की सफाई के लिए रोड पटरी बनाने के लिए और दिल्ली रोड पर मेवला फ्लाई ओवर से मेजर ध्यानचंद नगर होते हुए डीएन पालीटेक्निक कालेज तक बनाए जा रहे नए नाले की छूटे हिस्से को पूरा करने के लिए मुआयना किया है। शुक्रवार को नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना अभियंताओं की टीम के साथ सबसे पहले बच्चा पार्क चौराहे पर पहुंचे।
मेरठ विकास प्राधिकरण बच्चा पार्क चौराहे का सुंदरीकरण करने जा रहा है। इस चौराहे पर बच्चा पार्क नाले की खैरनगर और गढ़ रोड पर दो जगह भूमिगत निकासी है। वर्षों पहले यह भूमिगत निकासी डाट तकनीक पर बनी थी। उस वक्त नालों का जल प्रवाह कम था, अब कई गुना अधिक बढ़ गया है। जिससे थापरनगर और जलीकोठी की ओर से आने वाले बरसाती पानी की निकासी नहीं हो पाती है। इसकी सफाई भी संभव नहीं हो पा रही है। इससे नाला उफनता है और बरसात के पानी से सड़कें लबालब हो जाती हैं। पिछले साल जिमखाना से बुढ़ाना गेट वाले मार्ग पर यह स्थिति बनी थी। नगर आयुक्त और मेडा उपाध्यक्ष ने मौके की स्थिति देखते हुए निर्णय लिया कि भूमिगत नाले को चौड़ा किया जाएगा। यह कार्य चौराहे की सुंदरीकरण के साथ मेडा ही करेगा। मेडा उपाध्यक्ष ने विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि मंगलवार तक एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करें।
चर्चा यह भी हुई कि बच्चा पार्क चौराहे पर आवागमन बहुत है। इसे देखते हुए प्री-कास्ट तकनीक पर भूमिगत नाले का नये सिरे से बनाने में कम समय लगेगा। फिलहाल ह्यूम पाइप, बाक्स कल्वर्ट और प्री कास्ट तकनीक तीनों ही तरह के प्रस्ताव अभियंता तैयार करेंगे। मंगलवार के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा कि इसे किस तरह बनाया जाना है।
दिल्ली रोड पर अधूरा नाला
बच्चा पार्क चौराहे का निरीक्षण करने के बाद नगर आयुक्त और मेडा उपाध्यक्ष दिल्ली रोड पहुंचे। यहां पर मेड़ा द्वारा बनाए जा रहे मेवला फ्लाई ओवर से मेजर ध्यानचंद नगर, शताब्दीनगर, रिठानी होकर डीएन पालीटेक्निक तक के नाले को देखकर मेडा उपाध्यक्ष हैरान रह गए। नाले का निर्माण तो किया जा रहा है, लेकिन शाप्रिक्स माल के बाद नाले की जलनिकासी का अता-पता नहीं है। नाला कई जगह अधूरा पड़ा है। नाले की जलनिकासी कहां होगी। इस बात पर मेडा के इंजीनियरों ने कोई ध्यान नहीं दिया। वहीं, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स मोहकमपुर की साइड में दिल्ली रोड़ पर नाले को प्री-कास्ट तकनीक से पक्का करने का प्रोजेक्ट निगम ने तैयार किया है। फुटबाल चौक से परतापुर तक नाला निगम बनाएगा।
कसेरूखेड़ा नाले की सफाई के लिए बनेगी रोड पटरी
बच्चा पार्क चौराहे और दिल्ली रोड नाले का निरीक्षण करने के बाद नगर आयुक्त और मेडा उपाध्यक्ष कसेरूखेड़ा नाले पहुंचे। गंगानगर रोड किनारे मेद्य की पेडेस्ट्रियन स्ट्रीट की दीवार के पीछे कसेरूखेड़ा नाले की सफाई के लिए रोड पटरी बनाने पर चर्चा की। मेडा और नगर निगम दोनों ही विभागों के इंजीनियरों को मंगलवार तक रोड पटरी बनाने के लिए एस्टीमेट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। साथ ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर इस संबंध में उनसे भी राय लेकर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। हालांकि इस दौरान मवाना रोड पुल के टनल के प्लेटफार्म को 75 मीटर तक आगे बढ़ाकर बनाने को लेकर कोई चर्चा नहीं की गई है। इससे डिफेंस कालोनी, मीनाक्षीपुरम सहित अन्य कालोनियों में जलभराव हुआ था। उस वक्त मेडा के अधिकारियों ने टनल के प्लेटफार्म को आगे बढ़ा ढलान का वादा किया था।
