मेरठ 27 फरवरी (प्र)। कांग्रेस नेता ने साथियों के साथ मिलकर परतापुर में अपने ही होटल में दिल्ली की युवती की 17 फरवरी को हत्या कर दी। कत्ल के बाद लाश कार की डिग्गी में डालकर मवाना खुर्द चौकी के पास मेरठ-बिजनौर हाइवे पर खेत में फेंक दिया। पहचान छिपाने को युवती का चेहरा तेजाब से जला दिया। 21 फरवरी को लाश पुलिस को मिली, जिसके बाद जांच शुरू की गई। मवाना पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान कर कांग्रेस नेता समेत चार आरोपियों की गिरफ्तारी की है।
चंडीगढ़ निवासी अर्चिता अरोड़ा दिल्ली के साउथ एक्स सेकेंड फ्लोर-1811 कोटला मुबारिकपुर लोधी रोड पर रह रही थी। अर्चिता का परिचय मेरठ के कथित कांग्रेस नेता चंचल कुमार निवासी न्यूदेवपुरी कॉलोनी रेलवे रोड से था। पुलिस की मानें तो अर्चिता कांग्रेस नेता चंचल की कथित गर्लफ्रेंड थी। चंचल अपने दोस्त संदीप निवासी प्रभातनगर के साथ मिलकर परतापुर में अविका होटल का संचालन कर रहा था। चंचल ने 16 फरवरी को परतापुर के होटल अविका में अर्चिता अरोड़ा को बुलाया था। अर्चिता अरोड़ा का संदीप और चंचल से कुछ रकम देने को लेकर 17 फरवरी की रात को विवाद हो गया। आरोपियों ने अर्चिता से मारपीट कर दी। अर्चिता ने रेप के मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। इसके बाद चंचल और संदीप ने मिलकर कंबल से अर्चिता का मुंह दबाकर हत्या कर दी।
आरोपी ने गार्ड गुरमुख और कर्मचारी विवेक के साथ मिलकर लाश को क्रेटा कार की डिग्गी में डाल लिया और लाश लेकर मेरठ से होते हुए मवाना रोड निकल गए। कहीं चेकिंग नहीं हुई। आरोपी मवाना खुर्द पुलिस चौकी के पास पहुंचे और लाश को खेत में फेंक दिया। पहचान मिटाने के लिए चेहरा तेजाब से जला दिया। 21 फरवरी की शाम को लाश मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद छानबीन शुरू की गई।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने गुरुवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया पुलिस ने मेरठ-मवाना के बीच हाइवे पर टोल प्लाजा समेत 500 सीसीटीवी की जांच की। संदिग्ध क्रेटा को चिन्हित किया, जो रात के समय चौकी के पास आई थी। कार को ट्रेस करते हुए चार आरोपी पकड़े। मृतका की पहचान की। बताया कि आरोपियों ने अपने होटल के सीसीटीवी की फुटेज को डिलीट कर दिया है। पुलिस ने डीवीआर को कब्जे में लेकर फुटेज रिकवरी के लिए फोरेंसिक लैब भेजा है। आरोपियों ने होटलों में इस्तेमाल होने वाले फ्लोर क्लीनर से अर्चिता का चेहरा जलाया था। पुलिस ने केमिकल की बोतल भी बरामद कर ली है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
- गुरमुख उर्फ अरविंद निवासी बिनौली बागपत
- संदीप उर्फ सिट्टू निवासी प्रभातनगर सिविल लाइन मेरठ
- चंचल उर्फ बंटी निवासी न्यूदेवपुरी रेलवे रोड मेरठ
- विवेक उर्फ काका, मलियाना
